बड़ी खबर: बीकानेर स्कूल जा रही शिक्षिका का दुपट्टा खींचा, चाकू दिखाकर कहा- मुझसे विवाह कर,नहीं तो जान से मार दूंगा..
बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही शिक्षिका को जबरन रोकना, उसके स्कूल पहुंचकर हंगामा खड़ा करना, उसका दुपट्टा खींचकर बेईज्जत करना और चाकू दिखाकर विवाह नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिक्षिका ने पुलिस थाने पहुंचकर युवक पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
शिक्षिका ने बताया कि 12 जुलाई को सुबह स्कूल जाते समय घूमचक्कर पर एसबीआई बैंक के पास पहुंची तो आरोपी ने जबरदस्ती रास्ता रोकने का प्रयास किया और उससे बात करने के लिए धमकाया। तभी स्टाफ की गाड़ी आने पर वह स्कूली चली गई। उसके बाद साढ़े आठ बजे के आसपास आरोपी युवक पीछे-पीछे स्कूल आ गया और जबरदस्ती पास आकर उसकी बेईज्जती करने के आशय से उसका हाथ पकड़ लिया व दुपट्टा उतारकर फेंक दिया। हल्ला करने पर स्टाफ आ गया व उसे समझाया तो वह आग बबूल हो गया तथा चाकू निकालकर जबरदस्ती विवाह करने की धमकी देने लगा और कहने लगा कि अगर उससे विवाह नहीं किया तो वह जान से मार देगा।
इस दौरान सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची गई और आरोपी युवक को पकड़कर थाने ले गई। शिक्षिका का आरोप है कि आरोपी उसके नंबर पर अश्लील मैसेज भेजकर मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। शिक्षिका की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

