बड़ी कार्रवाई : जयपुर एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने पकड़ा 52 लाख का सोना
जयपुर@दैनिक खबरां। एयरपोर्ट पर कस्टम्स अधिकारियों की सोना तस्करों के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाइयों के बावजूद सोना तस्करी से जुड़े लोग यहां सोना भेजने से बाज नहीं आ रहे हैं। मंगलवार देर रात दुबई से जयपुर पहुंची स्पाइस जेट की फ्लाइट से कस्टम्स अधिकारियों ने विमान की सीट के नीचे छिपाकर रखा सोना तस्करी का बड़ा मामला पकड़ा है।
मंगलवार शाम करीब 5.45 बजे को दुबई से जयपुर पहुंची स्पाइस जेट की फ्लाइट का यात्री उतरने के बाद कस्टम्स के अधिकारी निरीक्षण कर रहे थे। एक सीट के नीचे अधिकारियों की नजर काले प्लास्टिक में लपेट कर रखी एक वस्तु पर पड़ी।
कस्टम्स अधिकारियों ने मौके पर मौजूद स्पाइस जेट के कर्मचारियों सिक्यूरिटी, मेंटिनेंस व इंजीनियरिंग स्टाफ के सामने ही इस सामान को बाहर निकाला और जिस सीट के नीचे से सामान निकला, उसके आस-पास की अन्य दो सीटों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को बोर्डिंग विवरण के आधार पर एयरपोर्ट से बाहर निकलने से पहले ही रोका गया। बाद में पूछताछ ने जिस सीट के नीचे से काले प्लास्टिक में लिपटा सोना निकला, उस पर यात्रा करने वाले यात्री ने सोना जयपुर लाना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में सोना तस्करी करने वाला युवक सीकर जिले का रहने वाला है। कस्टम्स अधिकारियों ने बताया कि दुबई में काम करने वाले एक व्यक्ति ने उसे विमान के टिकट व दस हजार रुपए के बदले भारत सोना लेकर जाने का प्रस्ताव दिया। उसे बताया गया कि उसे सोना लेकर एयरपोर्ट से बाहर नहीं निकलना है। सोना विमान की सीट में ही छोड़ देना है।
सोने के बिस्कुट का वजन एक किलो
विमान की सीट के नीचे से बरामद सोने के बिस्कुट का वजन एक किलो है और पकड़े गए सोने का बाजार मूल्य 52 लाख 10 हजार रुपए है। कस्टम्स अधिकारियों ने बरामद सोने के जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि हाल ही आयातित सोने पर आयात शुल्क में हुई बढ़ोतरी के कारण सोना तस्करी के मामलों में तेजी की आशंका में जयपुर एयरपोर्ट पर विदेश से आने वाले यात्रियों पर कस्टम्स अधिकारी कड़ी नजर रखें है।

