बीकानेर की जर्जर रोड़ की बदहाली पर भाटी ने उठाई आवाज, कलेक्टर से निर्माण की लगाई गुहार

बीकानेर

बीकानेर की जर्जर रोड की बदहाली पर भाटी ने उठाई आवाज, कलेक्टर से निर्माण की लगाई गुहार

बीकानेर,दैनिक खबरां। बीकानेर की प्रमुख सड़कों में से एक तीर्थ स्तंभ से भुट्टो चौराहे तक जाने वाली जर्जर रोड की दुर्दशा को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता फिरोज भाटी ने जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि को ज्ञापन सौंप कर तत्काल सड़क निर्माण की मांग की है।

भाटी ने ज्ञापन में बताया कि यह सड़क बीकानेर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है, जो सीधे जैसलमेर नेशनल हाइवे को बीकानेर पश्चिम क्षेत्र से जोड़ती है। करीब दो साल से यह सड़क पूरी तरह जर्जर पड़ी है। नगर निगम द्वारा सीवरेज लाइन और पीएचईडी विभाग द्वारा पाइप लाइन डालने के बाद सड़क को कई बार खोदा गया, लेकिन अब तक उसका पुनर्निर्माण नहीं किया गया।

उन्होंने बताया कि इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों वाहन और स्कूल बसें गुजरती हैं, जिससे स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब हालत के बावजूद यातायात पुलिस द्वारा चालान काटे जा रहे हैं, परंतु सड़क सुधार की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। भाटी ने जिला कलेक्टर से निवेदन किया है कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द सड़क का पुनर्निर्माण करवाया जाए और आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाकर लोगों को राहत प्रदान की जाए।