बेनीवाल नें बीकानेर में निकली भड़ास!बढ़ते अपराध पर सरकार को घेरा, बोले-अब एनकाउंटर ही है समाधान

बीकानेर राजनीति राजस्थान

बेनीवाल नें बीकानेर में निकली भड़ास!बढ़ते अपराध पर सरकार को घेरा, बोले-अब एनकाउंटर ही है समाधान

दैनिक खबरां,बीकानेर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सातवें स्थापना दिवस को लेकर पार्टी सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल आज बीकानेर दौरे पर रहे। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने राजस्थान की वर्तमान सरकार, कांग्रेस और बीजेपी पर जमकर हमला बोला।

बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और कानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर पहुंच गई है। जैसलमेर में बीकानेर के व्यापारियों की हत्या, बीकानेर में कलेक्टर आवास के पास जज के साथ लूट और जोधपुर के बिलाड़ा में बच्ची के साथ दुष्कर्म जैसी घटनाएं सरकार की पूरी तरह असफलता का सबूत हैं। उन्होंने साफ कहा कि अब अपराधियों का एनकाउंटर होना चाहिए।

बीजेपी और कांग्रेस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए बेनीवाल ने कहा, “पहले गहलोत और वसुंधरा साथ थे, अब भजनलाल और गहलोत एक हैं। ये दोनों एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। दोनों सांपनाथ और नागनाथ हैं।”

आईपीएस तबादला सूची पर भी हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह लिस्ट गहलोत के घर पर बनी है, जिसमें वही अधिकारी शामिल हैं जो फोन टेपिंग मामले में जुड़े थे। जोधपुर के एसपी पर निशाना साधते हुए बेनीवाल ने कहा कि ये वही अधिकारी हैं जो पहले गहलोत के इशारों पर काम करते थे।

आरएलपी सुप्रीमो ने पार्टी गठन की याद दिलाते हुए कहा कि वे किसानों, गरीबों और बेरोजगारों की आवाज़ उठाने के लिए सड़कों पर उतरे थे और दिल से राजनीति की। हालांकि 2023 में पार्टी अपनी पूरी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाई।

आगामी अंता उपचुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा और वर्तमान मुख्यमंत्री भजनलाल एक-दूसरे की कब्र खोदने में लगे हैं। भाजपा अपने ही उम्मीदवार को हराने में लगी है, जबकि कांग्रेस वहां लगभग मौजूद नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरएलपी किसी भी दल को समर्थन नहीं देगी।

बीकानेर सरे नथानियां गोचर भूमि के अधिग्रहण के मुद्दे पर बेनीवाल ने कहा कि गोचर भूमि को बचाना बेहद जरूरी है। “अगर प्रकृति से छेड़छाड़ हुई, तो उसका खामियाजा पूरी पीढ़ी को भुगतना पड़ेगा।”

बेनीवाल ने अंत में जोर देकर कहा कि बीकानेर से सात संकल्पों के साथ 2027 की लड़ाई की शुरुआत हो रही है। जनता अब असली विकल्प चुनेगी, नकली विपक्ष नहीं। उन्होंने बताया कि 29 अक्टूबर को बीकानेर में आरएलपी अपनी सातवीं वर्षगांठ पर विशाल जनसभा करेगी, जिसमें हजारों लोग शामिल होंगे। इसी मंच से 2027 के चुनाव का आगाज सात संकल्पों के साथ किया जाएगा। इस मौके पर विजयपाल बेनीवाल, डॉ. विवेक माचरा, प्रभुराम गोदारा, राजेश गोदारा और दानाराम घिंटाला सहित आरएलपी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।