हथियारों से लैस होकर आए हमलावरों ने पिता–पुत्र पर किया कुल्हाड़ी से हमला, बोले-“अगली बार मौका मिला तो नहीं छोड़ेंगे”,दोनों गंभीर घायल
दैनिक खबरां,बीकानेर। हथियारों से लैस होकर आए कुछ युवकों द्वारा पिता–पुत्र पर जानलेवा हमला करने की सनसनीखेज घटना कोलायत थाना क्षेत्र से सामने आई है। सांखला बस्ती निवासी इन्द्रसिंह पुत्र भंवरसिंह ने शनिवार को पुलिस में रिपोर्ट देते हुए बताया कि यह हमला शुक्रवार शाम को उस वक्त हुआ जब वह अपने पिता के साथ ट्रैक्टर से खेत लाखासर जा रहा था।
प्रार्थी द्वारा पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार राधेरा खान के पास पीछे से गेटवा गाड़ी संख्या RJ-07 CC-6465 तेज रफ्तार से आई, जिसमें चन्द्रसिंह, महेन्द्रसिंह, अशोकसिंह सहित दो अन्य युवक सवार थे। गाड़ी में कुल्हाड़ी, लाठियां व अन्य हथियार भी मौजूद थे। आरोपियों ने ट्रैक्टर के आगे गाड़ी अड़ाकर रास्ता रोका और एकराय होकर हमला शुरू कर दिया।
प्रार्थी इन्द्रसिंह के अनुसार वह जान बचाने के लिए भागा, लेकिन चन्द्रसिंह ने गाड़ी से ही उसे टक्कर मारी। गिरते ही महेन्द्रसिंह ने कुल्हाड़ी निकालकर उसके सिर पर वार किया, जिससे गंभीर चोट आई। अन्य आरोपियों ने भी लाठियों से हमला कर हाथ-पैर व शरीर पर कई चोटें पहुंचाई।
प्रार्थी का आरोप है कि बीच बचाव करने आए उसके पिता भंवरसिंह पर भी आरोपियों ने बेरहमी से हमला किया। चन्द्रसिंह ने उन्हें जमीन पर गिराकर पकड़ लिया और महेन्द्रसिंह ने कुल्हाड़ी से पैरों पर वार किए। इस दौरान अशोकसिंह लोहे की रॉड लेकर आया और भंवरसिंह के बाएं हाथ पर जोरदार वार किया, जिससे हाथ टूट गया। बाकी साथियों ने भी लाठियों से मारपीट की।घटना के दौरान रास्ते से गुजर रहे भूरसिंह और हरीसिंह पुत्र मालसिंह निवासी नोखड़ा ने गाड़ी रोककर दोनों को हमलावरों से बचाया। जाते-जाते आरोपी धमकी देकर फरार हो गए कि “अगली बार मौका मिला तो नहीं छोड़ेंगे।”
घायल दोनों को रामसिंह निवासी गुड़ा की मदद से कोलायत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत होने पर उन्हें पीबीएम अस्पताल बीकानेर रेफर किया गया। पुलिस द्वारा पीड़ितों के निरीक्षण में दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें पाईं गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोलायत पुलिस नें BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर गाड़ी RJ-07 CC-6465 जब्त कर ली है। मामले की जांच
एएसआई सहीराम को सोंपी गई है।

