सरदारशहर सीट पर अनिल शर्मा-अशोक पिंचा में मुकाबला, सीट पर जाटों का भी रहेगा दबदबा,जाने पूरा समीकरण..
दैनिक खबरां नेटवर्क। राजस्थान के चूरू जिले की सरदारशहर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। कांग्रेस ने स्वर्गीय भंवरलाल शर्मा के बेटे अनिल शर्मा को टिकट दे दिया है। वहीं, भाजपा ने अशोक कुमार पिंचा को उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया है। वैसे तो यह महज एक उपचुनाव है, लेकिन इसे 2023 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल कहा जा रहा है। सीएम अशोक गहलोत हर हाल में यह सीट जीतकर अपनी धाक साबित करना चाहते हैं।
उधर, भाजपा यह उपचुनाव जीतकर कर 2023 के फाइनल की राह आसान करना चाहती है। हालांकि, किसे जीत मिलेगी और किसे हार इसका फैसला 5 दिसंबर को मतदान की तारीख के दिन जनता करेगी। 8 दिसंबर को वोटों की गिनती के बाद तस्वीरे साफ हो जाएगा, लेकिन इससे पहले दोनों प्रत्याशियों और चुनावी गणित के बारे में जान लेते हैं।
कांग्रेस ने अनिल शर्मा को बनाया है उम्मीदवार
सरदारशहर की सीट कांग्रेस के कद्दावर नेता पंडित भंवरलाल शर्मा के निधन से खाली हुई है। भंवरलाल शर्मा 7 बार विधायक भी रह चुके हैं। लंबी बीमारी के बाद 9 अक्टूबर को उनका निधन हो गया था। सहानुभूति को देखते हुए कांग्रेस ने भंवरलाल शर्मा के बेटे अनिल शर्मा को टिकट दे दिया है। अनिल शर्मा राजस्थान आर्थिक पिछड़ा वर्ग आयोग के चेयरमैन हैं। गहलोत सरकार में उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा भी मिला हुआ है। बताया जा रहा है कि अनिल शर्मा का टिकट कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने फाइनल किया था। जिसके बाद एआईसीसी के जनरल सेक्रेट्री इंचार्ज मुकुल वासनिक ने प्रेस रिलीज निकालकर सार्वजनिक घोषणा की थी।
भाजपा ने अशोक कुमार पिंचा को दिया टिकट
भाजपा ने पूर्व विधायक अशोक कुमार पिंचा को उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया है। पिंचा सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र से पांच बार चुनाव लड़ चुके हैं। साल 2008 के विधानसभा चुनाव में वह भाजपा की ओर से विधायक चुने गए, जबकि चार बार उनकी हार हुई थी। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के भंवर लाल शर्मा ने पिंचा को करीब 17 हजार मतों से हराया था। उपचुनाव में भाजपा ने पिंचा को एक बार फिर मौका दिया है।
वैसे तो सरदारशहर सीट पर महज एक उपचुनाव हो रहा है, लेकिन इसे 2023 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल भी कहा जा रहा है। सीएम अशोक गहलोत हर हाल में यह सीट जीतकर अपनी धाक साबित करना चाहते हैं। उधर, भाजपा यह उपचुनाव जीतकर कर 2023 के फाइनल की राह आसान करना चाहती है।
पिंचा ने नामांकन दाखिल किया, यह बोले पूनिया
अशोक कुमार पिंचा ने गुरुवार को नामांकन दाखिल कर दिया था। इससे पहले चूरू के सरदारशहर में ताल मैदान से गांधी चौक तक रैली निकाली गई। जिसमें केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, सीकर सांसद मंहत सुमेधानंद सरस्वती, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़, पूर्व सांसद राम सिंह कस्वां, सहित कई नेता शामिल हुए थे। नामांकन दाखिल करने के बाद एक जनसभा को प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने संबोधित किया था। पूनिया ने कहा था कि, सरदारशहर चुनाव को लेकर कुछ लोग कहते हैं कि सरकार पर कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं कोई भविष्यवाणी तो नहीं करता हूं
लेकिन मुझे यह साफ दिख रहा है कि अशोक गहलोत की सरकार का भले ही एक साल बाकी है, पर यह सरकार वेंटिलेटर पर आखिरी सांस ले रही है, कब सांसें उखड़ जाएं कोई भरोसा नहीं है।
सरदारशहर विधानसभा उपचुनाव कार्यक्रम
17 नवंबर नामांकन की अंतिम तिथि थी
18 नवंबर नामांकन पत्रों की जांच होगी
21 नवंबर नाम वापसी का अंतिम दिन
5 दिसंबर को मतदान होगा
8 दिसंबर को वोटों की गिनती होगी
सरदारशहर विधानसभा में मतदाता
कुल वोटर- 289500
ग्रामीण- 219500
शहरी- 67000
सरदारशहर विधानसभा में जातीय समीकरण (अनुमानित)
जाट- 65000
दलित- 55000
ब्राह्मण- 45000
मुसलमान- 23000
राजपूत- 20000
माली- 10000
कुम्हार- 8000
स्वामी- 8500
जैन- 4000
अग्रवाल- 4000
सोनी- 8000
सुथार- 7000
सिद्ध- 7000
अन्य – 19500

