‘एक घंटे पहले भोजन-टेंट की व्यवस्था देख रहे थे भजनलाल’, डोटासरा बोले- गजेंद्र सिंह शेखावत सीएम बनते, लेकिन दिल्ली से आ गई पर्ची
जोधपुर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- राजस्थान के CM गजेंद्र सिंह शेखावत बनने वाले थे, लेकिन दिल्ली से पर्ची आ गई। एक घंटे पहले जो व्यक्ति भोजन और टेंट की व्यवस्था देख रहा था, उसको CM बना दिया गया। दिल्ली से आई पर्ची में भजनलाल शर्मा का नाम निकला। उसके बाद ‘पर्ची सरकार’ बन गई है।
रविवार को डोटासरा ने भजनलाल शर्मा पर जमकर तंज कसा। कांग्रेस की ओर से लोकसभा चुनाव से पहले 25 लोकसभा क्षेत्रों में चलाई जा रही भारत जोड़ो यात्रा के तहत रविवार को डोटासरा जोधपुर में थे। उनके साथ प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, विधानसभा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई नेता मौजूद थे।
दिल्ली से पर्ची आने का करते हैं इंतजार
डोटासरा ने कहा- भाजपा सिर्फ धार्मिक उन्माद फैला रही है। उसी से लोगों की भावना के साथ खेल रही है। राजस्थान के विधानसभा चुनाव में एक भी वोटर ने यह सोचकर वोट नहीं दिया था कि उनके वोट से भजनलाल को सीएम बनाया जाएगा। भजनलाल शर्मा को खुद को भी पता नहीं था कि वह सीएम बनेंगे। शपथ से पहले वह खुद टेंट और खाने की व्यवस्था देख रहे थे। लाइन में लास्ट में खड़े थे। जोधपुर के गजेंद्र सिंह शेखावत को सीएम बनना था, लेकिन दिल्ली से पर्ची आई और ऐसे सीएम सामने आए जिसका कभी सोचा नहीं था। अभी भी उन्हें किसी फैसले के लिए पर्ची का ही इंतजार करना पड़ता है। दिल्ली से पर्ची आएगी तो अपना फैसला सुनाएंगे।
10 साल में कोई वादा नहीं किया पूरा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- देश में पिछले 10 साल से मोदी सरकार है। इस कार्यकाल में उन्होंने जो वादे किए, वह अभी तक पूरे नहीं हुए। युवाओं को रोजगार का मुख्य मुद्दा था। इसे मोदी सरकार भूल ही चुकी है। आज भी लाखों युवा बेरोजगार घूम रहे हैं।
कम समय के लिए ट्रांसफर खोलना भ्रष्टाचार
डोटासरा ने सरकार की ओर से कम समय के लिए खोले जा रहे तबादलों को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह पहले सेटिंग कर रहे हैं, फिर कम समय के लिए तबादलों को खोलकर जमकर भ्रष्टाचार करेंगे।
राजस्थान में 15 सीटों पर लोगों ने बनाया मानस
डोटासरा ने कहा- भारत जोड़ो यात्रा के तहत राजस्थान की सभी 25 लोकसभा सीटों पर मैं जाऊंगा। इस बार जनता ने लोकसभा चुनाव में 10 से 15 सीटों पर कांग्रेस को जिताने का मन बना रखा है। इसको लेकर कांग्रेस ने भी कमर कस रखी है।

