कोलायत के झझू गांव की रोही में मिला ‘पाकिस्तान’ लिखा हवाई गुब्बारा, पुलिस ने किया जब्त

कोलायत बीकानेर

कोलायत के झझू गांव की रोही में मिला ‘पाकिस्तान’ लिखा हवाई गुब्बारा, पुलिस ने जब्त किया


राहुल सेवग | श्रीकोलायत, दैनिक खबरां। बीकानेर जिले के कोलायत क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब झझू गांव की रोही में ग्रामीणों को एक हवाई जहाजनुमा गुब्बारा मिला, जिस पर ‘पाकिस्तान’ लिखा हुआ था। गुब्बारा दिखाई देते ही गांव में भय और आशंका का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना कोलायत थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाधिकारी जसवीर सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस गुब्बारे के स्रोत, इसके यहां पहुंचने के कारण और उद्देश्य को लेकर गहन पड़ताल कर रही है।


बताया जा रहा है कि कोलायत क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक स्थित है, ऐसे में इस तरह की संदिग्ध वस्तु का मिलना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर माना जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार झझू गांव में इससे पहले इस प्रकार की कोई घटना सामने नहीं आई, जिससे लोग सहमे हुए हैं।
यह गुब्बारा झझू गांव की रोही में मालचंद सेठिया के खेत में मिला। मौके पर वार्ड पंच बिहारीलाल, प्रताप काटिया, मनोहरलाल, अमानाराम सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं तथा संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को भी सूचित किया गया है।