बजट से पहले नोखा के हक़ की हुंकार, विधायक सुशीला डूडी ने सरकार को भेजे विकास के बड़े प्रस्ताव
Bikaner News, दैनिक खबरां। राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र 2026-27 से पहले नोखा विधायक सुशीला डूडी ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। विधायक डूडी ने प्रदेश की उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल और धार्मिक स्थलों के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों की लंबी सूची भेजी है।
प्रस्तावों में ब्लॉक मुख्यालय पांचू में नवीन राजकीय महाविद्यालय की स्वीकृति की मांग प्रमुख है। साथ ही उप-तहसील पांचू को पूर्ण तहसील में क्रमोन्नत करने का प्रस्ताव भेजा गया है, जिससे ग्रामीणों को प्रशासनिक स्तर पर राहत मिल सके।
नोखा विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्र सैंगाल धौरा (पं.स. पांचू) और शिव धोरा बंधड़ा के विकास के लिए विशेष बजट प्रावधान की मांग की गई है। वहीं नोखा स्थित श्री जेठाराम डूडी खेल स्टेडियम के जीर्णोद्धार हेतु भी बजट स्वीकृति का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है।
आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए क्षेत्र में लगभग 100 किलोमीटर नवीन डामर सड़कों, स्वास्थ्य केंद्रों और राजकीय विद्यालयों के क्रमोन्नयन तथा ग्रामीण अंचलों में नए प्राथमिक विद्यालयों की स्थापना की मांग भी शामिल है।
पूर्ववर्ती बजट घोषणाओं में कांग्रेस विधायकों के क्षेत्रों की उपेक्षा के आरोपों के बीच अब कांग्रेसी विधायक भाजपा सरकार से आगामी बजट में न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इसी कड़ी में विधायक सुशीला डूडी ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि नोखा के विकास को लेकर वह किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेंगी और क्षेत्र को नई विकास सौगातें दिलाने के लिए सरकार पर लगातार दबाव बनाए रखेंगी।

