बीकानेर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, पटवारी और ई-मित्र संचालक रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
बीकानेर,दैनिक खबरां। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) बीकानेर ईकाई नें नें गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पांचू क्षेत्र के पटवारी अंबालाल मीणा और ई-मित्र संचालक श्रीराम जाट को ₹4,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि पांचू स्थित कृषि भूमि में बिजली टावर के नीचे आई भूमि के मुआवजे की चौथी किश्त (लगभग ₹50,000) जारी करवाने के बदले में पटवारी अंबालाल मीणा द्वारा ₹4,000 की रिश्वत मांगी जा रही है। यह राशि ई-मित्र संचालक श्रीराम जाट के माध्यम से देने को कहा गया था।
शिकायत की सत्यापन के बाद एसीबी बीकानेर एसीबी की टीम ने एडिशनल एसपी आशीष कुमार के नेतृत्व और डीआईजी भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने श्रीराम जाट को परिवादी से ₹4,000 की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि यह राशि पटवारी अंबालाल मीणा के लिए ली जा रही थी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया।
एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसीबी) स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

