दो साल से पुलिस को चकमा दे रही स्मैक सप्लायर महिला गिरफ्तार, 10 हजार की ईनामी थी..
बीकानेर, दैनिक खबरां । पुलिस थाना खाजूवाला ने एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में करीब दो वर्षों से फरार चल रही ईनामी महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। अभियुक्ता पर 10 हजार रुपये का ईनाम घोषित था। खाजूवाला थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 94, दिनांक 10 अप्रैल 2024, धारा 8/21 व 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध मादक पदार्थ चिट्टा (स्मैक) की सप्लायर बताई जा रही अभियुक्ता सुखविन्द्र कौर उर्फ परमजीत कौर उर्फ पम्मी पत्नी सुरजीत सिंह, उम्र 39 वर्ष, निवासी लुधियाना (पंजाब) को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्ता बार-बार विवाह कर अलग-अलग स्थानों पर रहकर पुलिस से बचती रही।
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्ता प्रकरण में करीब दो साल से फरार थी तथा उस पर 10 हजार रुपये का ईनाम घोषित था। इसके अतिरिक्त अभियुक्ता के विरुद्ध पंजाब के लुधियाना जिले के विभिन्न पुलिस थानों में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। वहीं, वह पुलिस थाना रावला, जिला श्रीगंगानगर में भी एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य प्रकरण में वांछित चल रही थी।
गिरफ्तार अभियुक्ता से गहन अनुसंधान एवं पूछताछ की जा रही है, जिससे मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
इस कार्रवाई में पुलिस थाना खाजूवाला की टीम शामिल रही, जिसमें थानाधिकारी सहित कांस्टेबल बेगाराम, ओमप्रकाश, गोपीराम एवं महिला कांस्टेबल मनीषा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

