दिल्ली एनकाउंटर में दबोचा गया बीकानेर संभाग का इनामी शूटर, 100 करोड़ की फिरौती में था वांटेड..!

देश पुलिस कार्रवाई

दिल्ली एनकाउंटर में दबोचा गया बीकानेर संभाग का इनामी शूटर, 100 करोड़ की फिरौती में था वांटेड..

दैनिक खबरां,बीकानेर। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई की जानकारी सामने आई है जंहा कापसहेड़ा इलाके में एनकाउंटर के बाद दो कुख्यात बदमाशों को दबोचा गया है । गिरफ्तार आरोपियों में बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर का इनामी अपराधी आकाश राजपूत और भरतपुर निवासी महिपाल शामिल हैं। दोनों को रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग का शूटर बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार एनकाउंटर के दौरान दोनों आरोपी घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद पुलिस ने औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से राजस्थान और अन्य राज्यों की पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे।

श्रीगंगानगर में दहशत का नाम था आकाश!
गिरफ्तार आकाश जुलाई 2022 में हरियाणा के करनाल (असंध) स्थित अस्पताल के बाहर हुई गोलीबारी का मुख्य आरोपी था। इसके अलावा जुलाई 2025 में गुजरात में हुए अपहरण मामले में भी वांटेड था, जिसमें 100 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। श्रीगंगानगर पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। स्थानीय पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी, जिससे इलाके के लोग भी दहशत में थे।

गैंग से जुड़े तार
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आकाश राजस्थान के वांटेड अपराधियों जगदीश जगला और अभिषेक गौड़ के जरिए रोहित गोदारा, गोल्डी बराड़ और वीरेंद्र चारण जैसे बड़े गैंगस्टरों से जुड़ा हुआ था। इतना ही नहीं, वह भारत से फरार होने के लिए फर्जी पासपोर्ट बनवा रहा था, जिसकी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी थी। स्पेशल सेल ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, बीकानेर संभाग की पुलिस ने इस बड़ी कार्रवाई को राहत की खबर बताया है।