सड़क किनारे खड़ी कार को ट्रक नें मारी टक्कर, हादसे में एक ही परिवार के तीन गंभीर घायल
दैनिक खबरां, बीकानेर। सड़क किनारे खड़ी गाड़ी से ट्रक की भीषण भिड़ंत में एक ही परिवार तीन जनों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने आई है। घटना श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में सातलेरा के पास की है। इस संबंध में ट्रक चालक के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। प्रार्थी देवकरण पुत्र भीखाराम ब्राह्मण निवासी बिनादेसर, चुरु ने रिपोर्ट दी कि 2 अक्टूबर की रात उनका भाई शिवकुमार, भाभी विमला देवी और भुवाजी गंगादेवी बिनादेसर से कार में सवार होकर निकले थे। रात करीब 11.30 बजे उन्होंने सड़क किनारे गाड़ी रोक लघुशंका के लिए उतरना चाहा ही था कि तभी जयपुर की तरफ से आ रहे ट्रक आरजे 07 जीई 4424 ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में तीनों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

