बीकानेर बॉर्डर पर संदिग्ध युवक गिरफ्तार, फिर से पाकिस्तान जाने की फिराक में था..

बीकानेर बीकानेर पुलिस

बीकानेर बॉर्डर पर संदिग्ध युवक गिरफ्तार, फिर से पाकिस्तान जाने की फिराक में था..

दैनिक खबरां,बीकानेर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सेना के जवानों ने शनिवार शाम एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। आंध्र प्रदेश निवासी प्रशांत वेदम नामक यह युवक 17 केवाईडी क्षेत्र में पाकिस्तान जाने का रास्ता तलाश रहा था और खुले तौर पर सीमा पार करने की बात कर रहा था। आर्मी इंटेलिजेंस को सूचना मिलते ही जवानों ने उसे मौके से ही पकड़ लिया। थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत ने बताया कि युवक की गतिविधियां संदिग्ध थीं और वह लगातार पाकिस्तान में आसानी से घुसने वाला रास्ता पूछ रहा था।

रविवार को सेना, बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां उसकी ज्वाइंट इंट्रोगेशन में पूछताछ करेंगी। प्रशांत के बीकानेर बॉर्डर तक पहुंचने की वजहें अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वह वर्ष 2017 में भी अवैध रूप से करणी पोस्ट के पास से पाकिस्तान में घुस चुका है, जहां उसे पाकिस्तानी सेना ने गिरफ्तार कर लिया था। बाद में वर्ष 2021 में उसे अटारी बॉर्डर के जरिए भारत को सौंपा गया था।

सुरक्षा एजेंसियां इस बात पर गंभीरता से जांच कर रही हैं कि वह पाकिस्तान से लौटने के बाद दोबारा सीमा पार क्यों करना चाहता था। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि प्रशांत पाकिस्तान के रावलपिंडी में किसी महिला से मिलने के इरादे से सीमा पार करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इसकी पुष्टि ज्वाइंट इंट्रोगेशन के बाद ही हो पाएगी। जवानों और एजेंसियों ने उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पूरे मामले को अत्यंत गंभीर माना है।