फर्जी दस्तावेजों का बड़ा खेल! सोलर प्लांट के नाम पर सैकड़ों बीघा जमीन बेचने वाले दो मास्टरमाइंड गिरफ्तार
दैनिक खबरां, बीकानेर। जिले की पूगल पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर सैकड़ों बीघा बेशकीमती भूमि को सोलर प्लांट कंपनियों में बेचने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रूपसिंह और चुन्नीसिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने नामांतरण निरस्त हो चुकी जमीन को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर आगे-पीछे विक्रय कर अवैध लाभ अर्जित किया।
पुलिस के अनुसार वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी खाजूवाला के सुपरविजन में थानाधिकारी पूगल के नेतृत्व में गठित टीम ने 10 जनवरी 2026 को पूर्व में दर्ज प्रकरण में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्रकरण के अनुसार परिवादी बाबूलाल चौधरी निवासी रामाली ढाणी, जयपुर (पश्चिम) ने रिपोर्ट दी कि वर्ष 2007 में करणीसर भाटियान, तहसील पूगल के खसरा नंबर 518, 519, 520, 521 व 523 कुल 75 बीघा भूमि उनके मुख्तयार के माध्यम से खरीदी गई थी। यह भूमि प्रतिबंधित क्षेत्र में होने के कारण बिना अनुमति नामांतरण कराए जाने पर जिला कलेक्टर बीकानेर के आदेश से निरस्त कर मूल खातेदारों के नाम दर्ज कर दी गई थी।
नामांतरण निरस्त होने के बावजूद आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उक्त भूमि को आगे से आगे विक्रय कर दिया। इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वारदात का तरीका
जांच में सामने आया कि गिरोह द्वारा वर्ष 2006-07 में राजस्थान से बाहर के लोगों द्वारा खरीदी गई भूमि के निरस्त नामांतरण वाले खसरों के मूल मालिकों के नाम से फर्जी आधार कार्ड और मुख्तयारनामा तैयार किए गए। वर्ष 2020 में करणीसर भाटियान क्षेत्र में सोलर प्लांट कंपनियों द्वारा भूमि खरीद शुरू होने से जमीन के भाव तेजी से बढ़े, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन बेच दी।
गिरफ्तार आरोपी
रूपसिंह पुत्र विजय सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी करणीसर भाटियान, हाल रेलमाता मरुधर कॉलोनी, बीकानेर।
चुन्नीसिंह पुत्र पुनम सिंह, उम्र 48 वर्ष, निवासी करणीसर भाटियान, थाना पूगल, जिला बीकानेर।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा गहन अनुसंधान जारी है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और सोलर कंपनियों से हुए सौदों की भी जांच की जा रही है।
कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम
थानाधिकारी पूगल समरवीर सिंह के नेतृत्व में धर्माराम, बजरंग यादव और खेराजराम शामिल रहे।

