बीकानेर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप; जांच में निकला फर्जी, अब तक यह आया सामने..

बीकानेर बीकानेर जिला प्रशासन बीकानेर पुलिस राजस्थान विविध समाचार

बीकानेर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप; जांच में निकला फर्जी, अब तक यह आया सामने..


दैनिक खबरां,बीकानेर। बीकानेर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से गुरुवार को कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली करवा दिया गया।


जानकारी के अनुसार ई-मेल में बीकानेर कोर्ट के साथ-साथ उपखंड क्षेत्रों के कोर्ट भवनों को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही एसपी कावेंद्र सिंह सागर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। एडीशनल एसपी शहर चक्रवर्ती सिंह ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस ने कोर्ट परिसर के हर हिस्से की गहन तलाशी ली। डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। ग्राउंड से लेकर छत तक तथा पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों की भी सघन जांच की गई।


हालांकि तलाशी अभियान के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि धमकी भरा ई-मेल फर्जी पाया गया है।
एडीशनल एसपी चक्रवर्ती सिंह के अनुसार पिछले कुछ समय से देश के अलग-अलग स्थानों पर इस तरह के फेक ई-मेल मिलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। फिर भी सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती और पूरी सतर्कता के साथ जांच की गई।
फिलहाल पुलिस के अनुसार बीकानेर कोर्ट परिसर पूरी तरह सुरक्षित है और मामले की तकनीकी जांच की जा रही है।