
बैंक की सीज संपत्ति के ताले तोड़कर कब्जा, दंपती के खिलाफ मामला दर्ज
दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में इंडियन बैंक की सीज की गई संपत्ति के ताले तोड़कर कब्जा करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बैंक शाखा प्रबंधक की ओर से मामला दर्ज कराया गया है।
पुलिस के अनुसार इंडियन बैंक अलक सागर रोड शाखा के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार मीणा ने रिपोर्ट दी कि वर्ष 2018 में मैबुदीन व उसकी पत्नी खुशनुमा ने 26 लाख 76 हजार रुपये का गृह ऋण लिया था। ऋण की राशि जमा नहीं कराने पर खाता एनपीए घोषित हो गया। इसके बाद बैंक ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित मकान को सीज कर अपने कब्जे में ले लिया था।
रिपोर्ट में बताया गया कि 28 अप्रैल 2026 को बैंक अधिकारियों द्वारा संपत्ति की जांच की गई तो मकान के ताले टूटे मिले। आरोप है कि आरोपियों ने सीज संपत्ति के ताले तोड़कर उसका उपयोग करना शुरू कर दिया, जिससे बैंक को नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने मैबुदीन पुत्र फयाज मोहम्मद व उसकी पत्नी खुशनुमा निवासी चौखूंटी फाटक, बीकानेर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

