बीकानेर में दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, सिर धड़ से अलग

बीकानेर विविध समाचार

बीकानेर में दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, सिर धड़ से अलग


बीकानेर,दैनिक खबरां । शहर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे घड़सीसर ब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही खिदमतगार खादिम सोसाइटी व असहाय सेवा संस्थान के कार्यकर्ता तुरंत मौके पर पहुंचे।


खिदमतगार खादिम सोसाइटी के सोयब भाई व मोहम्मद जुनैद खान तथा असहाय सेवा संस्थान के राजकुमार खड़गावत एम्बुलेंस लेकर घटनास्थल पहुंचे और संबंधित थाना पुलिस की निगरानी में शव को उठाकर पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों से मुआयना करवाने के बाद शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
इस दौरान मौके पर खिदमतगार खादिम सोसाइटी के हाजी जाकिर, हाजी नसीम, सोयब भाई तथा असहाय सेवा संस्थान के राजकुमार खड़गावत, ताहिर हुसैन, मोहम्मद जुनैद खान, रमजान, मोहम्मद सतार, इमरान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।