बीकानेर में सनसनी: वन विभाग की नर्सरी में ननद-भाभी ने एक ही पेड़ से लगाई फांसी

बीकानेर बीकानेर पुलिस

बीकानेर में सनसनी: वन विभाग की नर्सरी में ननद-भाभी ने एक ही पेड़ से लगाई फांसी

दैनिक खबरां,बीकानेर। जिले के खाजूवाला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चक 33 केवाईडी में स्थित वन विभाग की नर्सरी में रविवार को दो महिलाओं द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों के शव एक ही पेड़ से लटके मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।


पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 19 वर्षीय रत्नी देवी नायक और 20 वर्षीय माया नायक निवासी चक 33 केवाईडी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं रिश्ते में ननद-भाभी थीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों ने अपनी-अपनी चुन्नी से फंदा बनाकर पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही खाजूवाला सीओ अमरजीत चावला, खाजूवाला थानाधिकारी प्रशिक्षु आरपीएस रोहित चौधरी, एएसआई मांगीलाल गोदारा, हेड कांस्टेबल खिंयाराम और कांस्टेबल ओमप्रकाश चौधरी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम पंचायत 40 केवाईडी के सरपंच रामेश्वरलाल गोदारा तथा 34 केवाईडी के सरपंच मांगीलाल मेघवाल भी मौके पर मौजूद रहे।


पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया गया है तथा बीकानेर से एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। विस्तृत अनुसंधान के बाद ही घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।