बीकानेर: SBI बैंक में नकली नोट जमा करने का मामला उजागर, 35,400 रुपये के जाली नोट जब्त, एफआईआर दर्ज

बीकानेर बीकानेर पुलिस विविध समाचार

बीकानेर: SBI बैंक में नकली नोट जमा करने का मामला उजागर, 35,400 रुपये के जाली नोट जब्त, एफआईआर दर्ज


Bikaner News दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर में नकली नोटों के कारोबार से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। भारतीय स्टेट बैंक की मुरलीधर व्यास कॉलोनी शाखा में नकद जमा के दौरान बड़ी मात्रा में जाली नोट पाए गए, जिस पर नयाशहर थाने में मामला दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 02 फरवरी 2026 को खाता धारक श्याम सुंदर विश्रोई द्वारा अपने खाते में कुल 3,70,300 रुपये जमा कराने के लिए प्रस्तुत किए गए। बैंक में लगे मशीन से जांच के दौरान 200 रुपये के 177 नोट, कुल 35,400 रुपये, नकली पाए गए। इसके बाद बैंक प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी जाली नोटों को जब्त कर बंद लिफाफे में सुरक्षित अभिरक्षा में रख लिया।


इस संबंध में एसबीआई मुरलीधर व्यास कॉलोनी शाखा के शाखा प्रबंधक पुरुषार्थ पुरोहित ने 03 फरवरी 2026 को लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत कर पुलिस से एफआईआर दर्ज करने का आग्रह किया। रिपोर्ट के साथ खाता धारक के आधार कार्ड, पैन कार्ड और खाता विवरण भी पुलिस को सौंपे गए हैं।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धारा 179 व 180 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच नयाशहर पुलिस के उप निरीक्षक कोहरसिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोटों की यह खेप कहां से आई और इसके पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।