देशभर में वारदात करने वाला ‘त्रिची गैंग’ पुलिस के शिकंजे में, 6 बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे

देश पुलिस कार्रवाई राजस्थान

देशभर में वारदात करने वाला ‘त्रिची गैंग’ पुलिस के शिकंजे में, 6 बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे

दैनिक खबरां,जयपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कारों के शीशे तोड़कर चोरी की बढ़ती घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो देश के विभिन्न राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने तमिलनाडु से संचालित कुख्यात ‘त्रिची (रामजी नगर) गिरोह’ के छह सदस्यों को झारखंड की राजधानी रांची से दबोच लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में की गई। रायपुर में दर्ज मामलों के महज 96 घंटे के भीतर पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय नेटवर्क का पता लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपी
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में रंगन ए. (56), किट्टू (55), ए. विनोद कुमार (43), बाला मुरुगन (43), कुमरेशन डी. (60) और भास्कर (55) शामिल हैं। सभी आरोपी तमिलनाडु के तिरुच्चिरापल्ली जिले के निवासी बताए गए हैं।


कई राज्यों में फैला नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह छत्तीसगढ़ के साथ-साथ महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान और दिल्ली सहित कई राज्यों में कारों के शीशे तोड़कर चोरी व उठाईगिरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के सामान की बरामदगी में जुटी हुई है।