दो माह से पुलिस को थी तलाश, आखिरकार गोकुल सर्किल के पास दबोचा गया फरार आरोपी
दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर की नयाशहर पुलिस ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। करीब दो माह से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र के एक प्रकरण में वांछित था। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर के नेतृत्व एवं सीओ सिटी के सुपरविजन में नयाशहर थानाधिकारी कविता पुनियां द्वारा थाना स्तर पर टीम का गठन कर निर्देश दिए गए।
गठित टीम ने शहर में वांछित अपराधियों की तलाश, मुखबिरों से सूचना संकलन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए जयनारायण व्यास कॉलोनी थाने में वांछित आरोपी अमित पुत्र ओमप्रकाश वाल्मिकी, उम्र 21 वर्ष, निवासी नत्थुसर गेट के बाहर हरिजन बस्ती, बीकानेर को गिरफ्तार किया। आरोपी पिछले करीब दो माह से फरार चल रहा था, जिसे आज गोकुल सर्कल के पास पुलिस थाना नयाशहर क्षेत्र से दस्तयाब कर जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस को सुपुर्द किया गया। इस कार्रवाई में थानाधिकारी कविता पुनियां के साथ हेड कांस्टेबल शीशराम, कांस्टेबल पुरुषोत्तम और कांस्टेबल रूपाराम की अहम भूमिका रही।

