प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कोलायत क्षेत्र में 15 नई सड़कों का निर्माण, 36.71 करोड़ की स्वीकृति

कोलायत बीकानेर राजस्थान विविध समाचार

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कोलायत क्षेत्र में 15 नई सड़कों का निर्माण, 36.71 करोड़ की स्वीकृति

विधायक अंशुमान सिंह के प्रयासों से सड़कों से लंबे समय से उपेक्षित 15 गांव व ढाणियों को मिलेगा सीधा लाभ

बीकानेर, दैनिक खबरां । कोलायत विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात के रूप में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चतुर्थ चरण के अंतर्गत 15 नई सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिली है। इन सड़कों के निर्माण पर कुल 36 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत आएगी, जिसके तहत 63.7 किलोमीटर लंबी डामरीकृत सड़कें बनाई जाएंगी।
कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी के प्रयासों से स्वीकृत इन सड़कों से लंबे समय से उपेक्षित 15 गांव व ढाणियों को सीधा लाभ मिलेगा। इन क्षेत्रों का संपर्क अब नजदीकी व्यापार केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, ग्राम पंचायतों और शिक्षा केंद्रों से सुदृढ़ होगा। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।
विधायक भाटी ने बताया कि इन सड़कों के निर्माण से किसानों और काश्तकारों को नई मंडियों तक बेहतर पहुंच मिलेगी, जिससे कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

इन सड़कों को मिली स्वीकृति
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चतुर्थ चरण के अंतर्गत हनुमाननगर से बेनिवालों की ढाणी (4.45 किमी), भेलू से गटोल की ढाणी (6 किमी), भेलू से भाटियों की ढाणी (6 किमी), एमडीआर-371 से रूपालियों की ढाणी (2.30 किमी), मोडिया से बेलदारों की ढाणी (4.70 किमी), खिखनिया कुण्डलियान से खिलेरी ढाणी (5 किमी), खिखनिया कुण्डलियान से मेघवालों की ढाणी (3 किमी), लम्माणा मुलवान से मेघवालों की ढाणी (3.25 किमी), लम्माणा भाटियान से भाटियों की ढाणी (4 किमी), लम्माणा भाटियान से मेघवाल व राजपूतों की ढाणी (3 किमी), एमडीआर-375 नगरासर–सेवड़ा रोड से पांचोलाई नाड़ी होते हुए उदावतों की ढाणी (3 किमी), गड़ियाला से भिडकमलों की ढाणी (7.5 किमी), एनएच-911 से सादोलाई (1.5 किमी), एमडीआर-363 बरसलपुर–भूरासर रोड से 6 बीडब्ल्यूडी (5 किमी) तथा भूरासर डिस्ट्रीब्यूटरी रोड से डेहरिया (5 किमी) तक पक्की डामरीकृत सड़कों का निर्माण किया जाएगा।