मोखां गांव के सैकड़ों ग्रामीणों का कोलायत में प्रदर्शन, डंडी गांव गठन में धांधली के आरोप, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
दैनिक खबरां,कोलायत। नवसृजित डंडी राजस्व गांव के गठन का ग्रामीणों ने जोरदार विरोध शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को मोखां गांव के सैकड़ों ग्रामीण कोलायत तहसील कार्यालय पहुंचे और प्रशासनिक अनियमितताओं पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
मोखां न्याय मंच के अध्यक्ष रामरतन पंवार ने आरोप लगाया कि डंडी गांव गठन की प्रक्रिया में गंभीर धांधली और नियमों की खुली अवहेलना की गई है। उन्होंने बताया कि झझू क्षेत्र की राजस्व भूमि को मनमाने तरीके से डंडी गांव में जोड़ दिया गया है, वहीं मोखां की वास्तविक जनसंख्या को गलत तरीके से दर्शाकर नियम-विरुद्ध प्रस्ताव तैयार किया गया।
ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल में मोहनलाल सुथार, बृजाराम बन्धड़ा, अमोलखराम, सन्तुदास साध, रामधन सियाग, प्रेमाराम सियाग, मोहनदान चारण, उदाराम राणा, दुलाराम लोहार, धर्माराम नाई, भंवरलाल कड़ेला, श्यामदास रामावत, रामकिशन सियाग सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। ग्रामीणों ने मांग की कि डंडी गांव गठन की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए और पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

