18.86 करोड़ की लागत से बदल रहा लालगढ़ स्टेशन,पुनर्विकास कार्य लगभग पूर्ण

बीकानेर

18.86 करोड़ की लागत से बदल रहा लालगढ़ स्टेशन, पुनर्विकास कार्य लगभग पूर्ण

दैनिक खबरां, बीकानेर। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे, बीकानेर मंडल के लालगढ़ स्टेशन का पुनर्विकास कार्य तेज गति से प्रगति पर है। प्रथम चरण का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और शेष गतिविधियां अंतिम चरण में हैं।

स्टेशन भवन के समरूपीकरण, प्रवेश–निकास मार्गों के अलग-अलग निर्माण, बाउंड्री वॉल, सर्कुलेटिंग एरिया के सौंदर्यकरण, दोपहिया व चौपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग, बुकिंग ऑफिस एवं रिटायरिंग रूम के उन्नयन सहित नई टॉयलेट ब्लॉक का करीब 98 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। करीब 18.86 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे पुनर्विकास में आधुनिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्टेशन परिसर में एलईडी लाइटिंग, दीवारों पर आकर्षक आर्टवर्क, तथा दिव्यांगजनों के लिए आसान पहुंच सुनिश्चित करने हेतु उपयुक्त साइनेज लगाए जा रहे हैं। बेहतर प्रकाश व्यवस्था के साथ ही हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सोलर प्लांट भी स्थापित किया जाएगा।

यात्री सूचना प्रणाली को अत्याधुनिक बनाने के लिए कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टीलाइन और सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, बड़े एलईडी स्क्रीन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा जीपीएस आधारित डिजिटल क्लॉक भी लगाए जा रहे हैं।
लालगढ़ स्टेशन पर 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवरब्रिज भी निर्माणाधीन है, जिसकी अनुमानित लागत 8.14 करोड़ रुपये है। एफओबी का 55% से अधिक कार्य पूरा कर लिया गया है।