बीकानेर: करंट से युवक की दर्दनाक मौत, पड़ोसी पर मामला दर्ज

पुलिस कार्रवाई बीकानेर बीकानेर पुलिस

करंट से युवक की दर्दनाक मौत, पड़ोसी पर मामला दर्ज

दैनिक खबरां,बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र के नौरगदेसर रोही में करंट लगने से एक युवक की मौत होने की घटना सामने आई हैं । घटना के बाद मृतक के परिजन द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पड़ोसी किसान के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रार्थी भंवरलाल पुत्र लूणाराम जाट निवासी नौरगदेसर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसके बड़े भाई रामरख का खेत नौरगदेसर रोही में स्थित है। उनके खेत से सटे हरचंद पुत्र देवाराम जाट निवासी कुचौर अगुणी का खेत है, जिसमें उसने ट्यूबवेल व विद्युत कनेक्शन ले रखा है। भंवरलाल के अनुसार हरचंद ने उनके भाई के खेत का कुछ हिस्सा भी काश्त हेतु ले रखा था और चारों ओर कांटेदार बाड़बंदी कर रखी थी। आरोप है कि उसने बाड़ के अंदर विद्युत करंट वाला तार भी जोड़ रखा था।

परिजनों ने कई बार हरचंद से यह खतरनाक करंट वाला तार हटाने का आग्रह किया, जिस पर उसने भरोसा दिलाया कि वह इसे हटा देगा। लेकिन 3 दिसंबर को रामरख का पुत्र रामरतन (मृतक) जब खेत पर पहुंचा तो उसका हाथ बाड़ से छू गया, जिसमें 11,000 केवी लाइन से सीधे जुड़े तारों के कारण अत्यधिक करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट लगने से रामरतन की मौके पर ही मौत हो गई।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद हरचंद मौके पर आया, लेकिन उसने परिजनों को सूचना तक नहीं दी। घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। प्रार्थी भंवरलाल की रिपोर्ट पर नापासर पुलिस नें मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक जगदीश कुमार को सौंप दी है।