देशभर में ठगी की रकम घुमाने वाला नेटवर्क बेनकाब; बीकानेर में PWD कर्मचारी गिरफ्तार, मजदूरों के नाम पर फर्जी खाते खोलकर 5 करोड़ की ठगी

बीकानेर बीकानेर पुलिस

देशभर में ठगी की रकम घुमाने वाला नेटवर्क बेनकाब; बीकानेर में PWD कर्मचारी गिरफ्तार, मजदूरों के नाम पर फर्जी खाते खोलकर 5 करोड़ की ठगी

दैनिक खबरां,बीकानेर।राजस्थान पुलिस मुख्यालय जयपुर के विशेष साइबर फ्रॉड विरोधी अभियान के तहत बीकानेर साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने गिरोह के मुख्य सदस्य राकेश बिश्नोई निवासी गोडू, बज्जू, जो वर्तमान में वरिष्ठ लिपिक, PWD लूँणकरणसर के पद पर कार्यरत है, को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसकी गैंग में कई और लोगों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है, जिनकी तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी ने मजदूरों के नाम पर खोले खाते
पुलिस के अनुसार आरोपी राकेश ने फैक्ट्री में काम करने वाले गरीब मजदूरों को पोस्ट ऑफिस व बैंकों में खाता खुलवाने का टारगेट दिखाकर धोखे से उनके आधार-पैन कार्ड लेकर उनके अंगूठे डिवाइस पर लगवाए। मजदूरों के नाम पर फर्जी तरीके से खोले गए इन खातों का उपयोग देशभर के लोगों के साथ की गई साइबर ठगी की रकम को डालने और निकालने के लिए किया गया।इन खातों में लगभग 5 करोड़ रुपये की संदिग्ध लेनदेन की शिकायतें दर्ज हैं। गैंग के सदस्य इन खातों में ठगी की रकम डालकर तुरंत कैश विड्रॉल कर लेते थे।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सौरव तिवाड़ी के निर्देशन में थानाधिकारी साइबर रमेश कुमार सर्वटा के नेतृत्व में साइबर थाना व साइबर रिस्पॉन्स सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई। मामले में आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट 66 के तहत कार्रवाई की जा रही है। गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।