बीकानेर की गैस एजेंसी पर घटतौली के आरोप,पत्रकार की शिकायत पर उल्टा एजेंसी संचालक बोले-“वीडियो बना लो, जो करना है कर लो..”

बीकानेर बीकानेर जिला प्रशासन

बीकानेर की गैस एजेंसी पर घटतौली के आरोप,पत्रकार की शिकायत पर उल्टा एजेंसी संचालक बोले-“वीडियो बना लो, जो करना है कर लो..”

दैनिक खबरां,बीकानेर(नारायण उपाध्याय)। डिलीवरी से पहले सिलेंडरों में गैस घटतौली का गोरखधंधा बीकानेर में खूब फल-फूल रहा है। ऐसा ही एक मामला शहर के मुक्ता प्रसाद कॉलोनी से सामने आया है। जंहा कॉलोनी में स्थित शहीद दलीप सिंह इंडेन गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने सिलेंडरों में घटतौली और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। शहरवासियों का कहना है कि एजेंसी से घरों तक पहुंचने वाले गैस सिलेंडरों का वजन मानक से कम मिल रहा है और शिकायत करने पर कर्मचारियों व एजेंसी संचालक की ओर से सहयोग के बजाय उल्टे तर्क दिए जा रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि जब सिलेंडर का वजन कम दिखा कर आपत्ति जताई गई तो आरोप है कि एजेंसी कर्मचारियों ने कहा “जो करना है कर लो, वीडियो बनाओ, हमारा क्या बिगाड़ लोगे।” कुछ कर्मचारियों ने यह भी सफाई दी कि ट्रकों में हिलने-डुलने से गैस कम हो जाती है, इसलिए वजन घटता है। उपभोक्ताओं का कहना है कि विभाग ने समय रहते ध्यान नहीं दिया तो सिलेंडरों से गैस निकालने का यह खेल और बढ़ सकता है।

शहर के पत्रकार सरजीत सिंह के घर भी ऐसा ही मामला सामने आया। शनिवार को उनकी गैस डिलीवरी के दौरान जब सिलेंडर का वजन कराया गया तो निर्धारित 30.300 किलोग्राम के स्थान पर 27.400 किलोग्राम वजन निकला। इस पर डिलीवरी बॉय ने कहा कि उसका कांटा पानी में गिर गया था, इसलिए वजन गलत दिखा रहा है, और वह सिलेंडर वहीं छोड़कर नया कांटा लाने की बात कहकर निकल गया। शाम को जब दूसरा कांटा लाया गया तो वजन 28.420 किलोग्राम निकला, जो पहले वजन से एक किलोग्राम अधिक था। इस अंतर को लेकर उपभोक्ताओं के मन में और संदेह पैदा हुआ। पत्रकार ने एजेंसी में फोन कर जानकारी दी तो जवाब मिला “सिलेंडर बदलवा लो, कांटा गलत दिखा रहा होगा।”

शिकायत के बाद एजेंसी की ओर से पहुंचे कर्मचारी सुनील सेन ने कहा कि ट्रकों में हिलने-डुलने से सिलेंडरों का वजन 200–300 ग्राम कम हो जाता है। वहीं एजेंसी संचालक का कहना है कि उपभोक्ता को दिया गया सिलेंडर लीक रहा होगा। उपभोक्ताओं का सवाल है कि यदि सिलेंडर लीक था तो पहली बार वजन कम और बाद में अधिक कैसे निकला? इससे पूरा मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। स्थानीय लोगों ने उपभोक्ता विभाग के अधिकारी DSO से मांग की है कि वे इस एजेंसी की जांच कर कार्रवाई करें, ताकि सिलेंडरों में छेड़छाड़ और गैस घटतौली का सिलसिला बंद हो सके।