बीकानेर में 24 घंटे के भीतर दो पुलिसकर्मियों का निधन, महकमे में शोक की लहर

बीकानेर बीकानेर पुलिस

बीकानेर में 24 घंटे के भीतर दो पुलिसकर्मियों का निधन, महकमे में शोक की लहर

दैनिक खबरां, बीकानेर। बीकानेर पुलिस महकमे में लगातार दो दर्दनाक घटनाओं से शोक की लहर दौड़ गई। बज्जू थाना और पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में 24 घंटे के भीतर दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जिससे साथी जवानों और अधिकारियों में गहरा दुःख व्याप्त है।

पहली घटना बज्जू थाना क्षेत्र की है, जहां शुक्रवार देर शाम थाने में तैनात सिपाही रिछपाल जाट की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रिछपाल थाना परिसर में बने सीएलजी भवन में ही रहता था। शाम को एक कॉन्स्टेबल जब सीएलजी भवन की तरफ गया तो रিছपाल दिखाई नहीं दिया। आवाज लगाने पर भी जवाब नहीं मिला। बाथरूम अंदर से बंद था, जिसे खोलने पर रिछपाल घायल अवस्था में पड़ा मिला और उसके सिर से खून बह रहा था।
उसे तुरंत बज्जू उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में पीबीएम अस्पताल बीकानेर रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि रिछपाल के सिर में गंभीर चोट आई थी। सीकर जिले की काको की ढाणी निवासी रिछपाल के शव का शनिवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाया गया।

इसी बीच शनिवार सुबह एक और दुखद घटना सामने आई। बीकानेर के पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (PTS) में प्रशिक्षण ले रहे हेड कांस्टेबल देशराज सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार देशराज हाल ही में कांस्टेबल से पदोन्नत होकर हेड कांस्टेबल बने थे और जयपुर से बीकानेर ट्रेनिंग के लिए आए थे। वे करीब पंद्रह दिनों से प्रशिक्षण में हिस्सा ले रहे थे। सुबह जब वो मैदान की ओर जा रहे थे तभी अचानक गिर पड़े। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें पीबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बीछवाल थानाधिकारी दिगपाल सिंह ने बताया कि देशराज भरतपुर जिले के रहने वाले थे और पदोन्नति प्रशिक्षण के लिए बीकानेर आए थे। बज्जू और बीकानेर में दो जवानों के अचानक निधन से पूरे पुलिस महकमे में स्तब्धता और गहरा शोक है।