बीछवाल इंडस्ट्रियल एरिया में पापड़ फैक्ट्री से बाल मजदूर छुड़ाया, संचालक पर मुकदमा दर्ज
दैनिक खबरां,बीकानेर। बीछवाल इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक पापड़ फैक्ट्री में बाल मजदूरी कराए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग को श्रम से मुक्त कराया और फैक्ट्री संचालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मौके पर सरकारी कैमरे से बालश्रम के वीडियो भी रिकॉर्ड किए हैं, जिन्हें केस में सबूत के तौर पर शामिल किया जाएगा।
बीछवाल पुलिस के अनुसार, श्रीराम पापड़ प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में मानव तस्करी एवं गुमशुदा व्यक्ति प्रकोष्ठ की टीम ने औचक निरीक्षण किया। टीम ने पैकेजिंग, मैन्युफैक्चरिंग, स्टोर सहित सभी सेक्शनों की छानबीन की। जांच के दौरान एक नाबालिग बच्चा बड़े पैमाने पर चल रही फूड पैकेजिंग मशीनों के बीच काम करता मिला। इस पर कॉन्स्टेबल रामनिवास ने सरकारी कैमरे से पूरी स्थिति की रिकॉर्डिंग की।
इसके बाद पुलिस नें फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। मानव तस्करी एवं गुमशुदा व्यक्ति प्रकोष्ठ में तैनात कांस्टेबल रामनिवास की रिपोर्ट पर फैक्ट्री संचालक रमेश सिंघी निवासी सार्दुलगंज के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर बाल और किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम 1986, जेजे एक्ट 2015 और बीएनएस की धारा 146 के तहत मुकदमा कायम किया गया है। मामले की जांच एसआई मंजीत कौर के सुपुर्द की गई है।

