नोखा रोड़ पर दर्दनाक हादसा: रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत
दैनिक खबरां,बीकानेर। नोखा रोड पर भीनासर प्याऊ के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। इस संबंध में शहर के गंगाशहर थाने में रोडवेज बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। प्रार्थी विकास पुत्र धनराज वाल्मिकी निवासी कोलायत, हाल भीनासर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि रोडवेज बस RJ 14 PE 4667 तेज रफ्तार और लापरवाही से चलते हुए पीछे से मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रार्थी के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सूरज और ओमकार सड़क पर गिर पड़े। हादसे में सूरज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल ओमकार को तुरंत पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई। पुलिस नें प्रार्थी की रिपोर्ट पर रोडवेज बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। मामले की जांच उप निरिक्षक अशोक यादव को सोंपी गई है।

