मां से मारपीट कर बच्चों को छीना, जीप में डाल ले गए,पुलिस नहीं जागी तो कोर्ट को देना पड़ा आदेश
दैनिक खबरां,बीकानेर। अदालत के हस्तक्षेप के बाद मुक्ता प्रसाद थाना में एक महिला की रिपोर्ट पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ACJM-3 बीकानेर के न्यायालय से प्राप्त इस्तगासा में परिवादिया दुर्गा देवी पत्नी लक्ष्मण लाल, निवासी सच्चियायनगर, ने अपने पति व देवरों पर बच्चों को जबरदस्ती ले जाने और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए थे। जिसके बाद कोर्ट के आदेश के बाद मुक्ता प्रसाद थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
इस्तगासा के अनुसार यह घटना 13 फरवरी 2025 की रात करीब 9.30 बजे की है, जब आरोपी लक्ष्मण लाल (पति), हजारी (देवर) और कालूराम (देवर) तीनों निवासी भादला, थाना पांचू प्रार्थीया के किराए के मकान में जबरन घुस आए। प्रार्थीया ने आरोप लगाया कि तीनों ने घर में घुसते ही उससे गाली-गलौज की और उसके तीनों बच्चों शिव (5 वर्ष), साइरा (7 वर्ष) व जमना (3 वर्ष) को जबरदस्ती छीन लिया। विरोध करने पर उससे मारपीट की और तीनों बच्चों को जीप में डालकर ले गए।
प्रार्थीया ने बताया कि उसका पति पिछले दो वर्षों से अलग रह रहा है और इस संबंध में वह पहले भी पुलिस अधीक्षक बीकानेर तथा थाना मुक्ता प्रसाद नगर में शिकायत दे चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रार्थीया के अनुसार वह खेतों में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। इस्तगासा पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने प्रकरण पुलिस थाना मुक्ता प्रसाद नगर को भेजते हुए मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। आदेश के बाद पुलिस ने धारा 137(2), 115(2) व 333 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले में जांच जारी है।

