बीकानेर में शादी समारोह से लौट रहे युवक पर हमला, गंभीर घायल

बीकानेर बीकानेर पुलिस

बीकानेर में शादी समारोह से लौट रहे युवक पर हमला, गंभीर घायल

दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर के रानीबाजार क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान एक युवक पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। घटना बीती 5 नवम्बर की रात करीब डेढ़ से दो बजे की बताई जा रही है। पीड़ित के भाई रवि मीणा निवासी शर्मा कॉलोनी, मीणा मोहल्ला, रानीबाजार ने शुक्रवार को कोटगेट थाना पुलिस को रिपोर्ट दी है।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित का छोटा भाई बबलू मीणा पारिवारिक शादी के दौरान गाड़ी से सामुदायिक भवन, नागणेची मंदिर के सामने जा रहा था। जब वह केजी कॉम्पलेक्स, इंडस्ट्रियल एरिया के पास पहुंचा, तभी सामने से एक कार (नम्बर RJ14 CU 3456) आई और उसने रास्ता रोक लिया। आगे सड़क टूटी होने के कारण बबलू मीणा की गाड़ी आगे नहीं बढ़ पाई। बबलू मीणा जब कार चालक से गाड़ी हटाने को कहने पहुंचा, तभी उस कार में बैठे चालक सहित 3-4 अन्य लोग उतरे और उस पर थाप, मुक्कों व लातों से हमला कर दिया। हमले में बबलू मीणा के हाथ की कलाई की हड्डी दो जगह से टूट गई। हमलावर मौके से फरार हो गए।

सूचना पर भाई रवि मीणा मौके पर पहुंचे और घायल को पीबीएम अस्पताल ले जाकर उपचार शुरू करवाया। रवि मीणा ने बताया कि वह भाई के इलाज में व्यस्त होने के कारण घटना की रिपोर्ट तुरंत दर्ज नहीं करवा सके। पुलिस ने रवि मीणा की रिपोर्ट पर कार नम्बर RJ14 CU 3456 के चालक व साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश हेड कांस्टेबल हेतराम को सौंपी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।