बीकानेर पुलिस की नाकाबंदी से पहले ही बस छोड़कर भागे बदमाश; बैग से निकली 4 पिस्तौल व 33 जिंदा कारतूस
बीकानेर,दैनिक खबरां। संगठित अपराधियों के खिलाफ बीकानेर रेंज में चल रहे अभियान के तहत बीछवाल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इंदौर से बीकानेर आ रही एक स्लिपर बस से 4 अवैध देशी पिस्टल और 33 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
मुखबिर से मिली सूचना पर थानाधिकारी गोविन्द सिंह चारण के नेतृत्व में टीम ने गंगानगर बाईपास रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के पास राठौड़ ट्रेवल्स की बस (नं. AR-11-B-5777) को रोका और तलाशी ली। जांच में बस की सीटों के नीचे छिपाकर रखे गए चार अवैध देशी पिस्टल व 33 कारतूस बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, नाकाबंदी की भनक लगने पर आरोपी नोखा में ही बस छोड़कर फरार हो गए। बस में मिले दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों की पहचान मोनाराम पुत्र भैराराम निवासी पंचपीठ की ढाणी, ओमप्रकाश और मोहनराम के रूप में की गई है। सभी के खिलाफ बीछवाल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बीकानेर रेंज आईजी हेमन्त शर्मा के निर्देशन में, एसपी कावेन्द्र सिंह सागर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सौरभ तिवाड़ी और सहायक पुलिस अधीक्षक वृत्त सदर अनुष्ठा कालिया के सुपरविजन में थाना बीछवाल की टीम ने यह कार्रवाई की। एसपी के निर्देश पर मामले की अग्रिम जांच नाल थानाधिकारी विकास विश्नोई को सौंपी गई है।

