बीकानेर में पटरी से उतरे रेल के दो कोच, 30 घायल! पलक झपकते ही शुरू हुआ राहत-बचाव अभियान,रेल हादसे का रियल मॉक ऑपरेशन!, देखें वीडियो
दैनिक खबरां, बीकानेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल के जामसर स्टेशन यार्ड में गुरुवार को रेलवे के संरक्षा विभाग की ओर से आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस संयुक्त अभ्यास में रेलवे के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, चिकित्सा विभाग, अग्निशमन दल, सिविल पुलिस, स्काउट-गाइड सहित कई एजेंसियों ने हिस्सा लिया।
अभ्यास के तहत परिदृश्य यह रखा गया कि गाड़ी संख्या 19720 जामसर स्टेशन से गुजर रही थी, तभी उसके पिछले दो कोच अचानक पटरी से उतर गए। स्टेशन मास्टर ने तत्काल स्थिति को भांपते हुए कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद आपदा प्रबंधन की पूरी मशीनरी हरकत में आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत गाड़ी (ART) व सेल्फ प्रोपेल्ड एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (SPART) को मौके के लिए रवाना किया गया। साथ ही एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया। एनडीआरएफ की टीम ने अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से राहत-बचाव कार्यों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने सबसे पहले दुर्घटनास्थल को घेरा, भीड़ को हटाया और लाउडस्पीकर से यात्रियों को धैर्य रखने की अपील की।
इस दौरान मॉक ड्रिल में 30 लोगों के घायल होने की स्थिति बनाई गई। घायलों को रेलवे, राजकीय और निजी एम्बुलेंसों के माध्यम से विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया गया। कुल सात एम्बुलेंस राहत कार्य में जुटीं। चिकित्सा विभाग ने सभी घायलों की सूची तैयार कर सुनिश्चित किया कि कोचों में कोई व्यक्ति शेष न रहे।
ड्रोन कैमरों से पूरे घटनास्थल की निगरानी की गई तथा सिग्नल और टेलीकॉम विभाग ने घटना का लाइव प्रसारण मंडल कार्यालय और मुख्यालय के डिजास्टर मैनेजमेंट रूम में कराया। साथ ही हेल्पलाइन काउंटर स्थापित कर परिजनों से संपर्क के लिए नंबर जारी किए गए। जनसंपर्क विभाग द्वारा मीडिया को समय-समय पर वास्तविक जानकारी प्रदान की गई। रेलवे के सभी विभागों संरक्षा, परिचालन, यांत्रिक, इंजीनियरिंग, चिकित्सा, सिग्नल, दूरसंचार और कार्मिक शाखा ने इस मॉक ड्रिल में सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभ्यास के समापन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक रूपेश कुमार ने एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडर प्रवीण कुमार, एसडीआरएफ के सब इंस्पेक्टर बीरबल सिंह, सिविल इंस्पेक्टर जामसर रवि कुमार, सर्किल ऑफिसर लूनकरणसर नरेंद्र सहित सभी टीमों का आभार जताया और भविष्य में भी इसी तरह के समन्वित सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अंकुर कुमार झिंगोनिया ने भी सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। यह पूरा अभ्यास आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारी और समन्वय की जांच हेतु किया गया, जिसमें सभी एजेंसियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और रेलवे के निर्धारित मानकों के अनुसार यह मॉक ड्रिल पूर्णतः सफल घोषित की गई।

