बड़ी खबर: मोहनगढ़ में डबल मर्डर केस का बड़ा खुलासा, SIT की 600 किमी तक की जांच से आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई कार बरामद, पढ़े खबर..

जैसलमेर पुलिस कार्रवाई बीकानेर

जैसलमेर में डबल मर्डर केस का बड़ा खुलासा — SIT की 600 किमी तक की जांच से आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई कार बरामद

मोहनगढ़/बीकानेर, दैनिक खबरां । जैसलमेर जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निकटतम निर्देशन में जैसलमेर पुलिस ने मोहनगढ़ क्षेत्र में बीकानेर के व्यापारी और उसके मुनीम की हत्या के सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। हत्या के तीन दिन बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान गुरप्रीत सिंह निवासी पंजाब के रूप में हुई है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात के बाद लूटी गई अल्टो कार भी बरामद कर ली गई है।

एसपी नें बताया कि 21 अक्टूबर 2025 को प्रार्थी पंकज कुमार सारस्वत ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसके पिता मदनलाल सारस्वत और उनके मुनीम रेंवतराम की 20 अक्टूबर की रात अज्ञात आरोपियों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी तथा नगदी और कारोबारी की अल्टो कार लेकर फरार हो गए। रिपोर्ट पर पुलिस थाना मोहनगढ़ में हत्या का प्रकरण दर्ज कर त्वरित अनुसंधान प्रारंभ किया गया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे स्वयं घटनास्थल पहुंचे और निरीक्षण कर SIT का गठन किया। इस टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पोकरण प्रवीण कुमार, वृताधिकारी नाचना गजेंद्र सिंह चंपावत, वृताधिकारी पोकरण भवानी सिंह, तथा थानाधिकारी मोहनगढ़ नाथूसिंह को शामिल किया गया। एफएसएल व डॉग स्क्वॉड टीमों से मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन करवाया गया। निर्देशों की पालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पोकरण के नेतृत्व में थानाधिकारी नाचना भूटाराम, थानाधिकारी फलसुण्ड अमराराम, तथा टेक्निकल टीम प्रभारी भीमराव सिंह द्वारा आपसी समन्वय से कार्यवाही करते हुए तकनीकी जांच, फील्ड इंटेलिजेंस और आसूचना संकलन के माध्यम से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।


करीब 50 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने 600 किलोमीटर तक के खंगाले CCTV फुटेज

राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में लगातार दबिशें दीं और आखिरकार एक आरोपी गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं, जबकि शेष आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार जुटी हुई हैं। SP अभिषेक शिवहरे ने कहा “कानून के शिकंजे से कोई नहीं बचेगा, पुलिस की त्वरित कार्रवाई और टीम के सामंजस्य से बड़ी सफलता मिली है, जल्द बाकी आरोपी भी गिरफ्तार किए जाएंगे।”