बीकानेर के इस क्षेत्र में संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव,इलाके में सनसनी, मृतक की नहीं हुई पहचान..
दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर के नाल थाना क्षेत्र में उबड़-खाबड़ जगह पर एक युवक का संदिग्ध हालात में शव मिलने की खबर सामने आई है। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार घटना 20 अक्टूबर सोमवार की दोपहर करीब 2 बजे की है, जब विपिन शर्मा की फैक्ट्री के पीछे उबड़-खाबड़ जगह पर एक अज्ञात युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला।
मामले की सूचना प्रार्थी घनश्याम पुत्र जगदीश प्रसाद निवासी नाल बड़ी ने पुलिस को दी। उसने बताया कि सुबह लेबर ने फोन कर बताया कि फैक्ट्री के पीछे रास्ते के पास एक व्यक्ति मृत पड़ा है। सूचना पर प्रार्थी मौके पर पहुंचा तो देखा कि करीब 23 से 28 वर्ष की उम्र का एक युवक मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। युवक ने काले रंग की टी-शर्ट और काले रंग का लोवर पहना हुआ था। उसका कद लगभग 5 फुट और रंग सावला बताया गया है। सिर पर बाल भी काफी कम थे।
सूचना मिलते ही नाल थाना अधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और शव का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। मामले की जांच एचसी भूराराम को सोंपी गई है।

