बीकानेर में साइबर फ्रॉड गैंग का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार, लाखों की राशि बरामद,दो पेट्रोल पंप कर्मचारी भी शामिल..

बीकानेर बीकानेर पुलिस

बीकानेर में साइबर फ्रॉड गैंग का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार, लाखों की राशि बरामद

बीकानेर,दैनिक खबरां। जिला पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। नाल थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप के माध्यम से फर्जी लेनदेन कर लाखों रुपये के फ्रॉड करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में नकदी, बैंक दस्तावेज़ और वाहन जब्त किए हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह प्रदेश के अन्य जिलों में भी सक्रिय हो सकता है। बरामद पासबुक और एटीएम कार्डों के माध्यम से पुलिस अन्य खातों की जांच कर रही है। जल्द ही और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

पेट्रोल पंप से नकद के बदले खाते में फ्रॉड राशि जमा करते थे आरोपी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पेट्रोल पंपों पर नकद रकम के बदले में साइबर ठगी से प्राप्त राशि विभिन्न खातों में जमा करवाते थे। यह पूरा नेटवर्क साइबर फ्रॉड की राशि को वैध दिखाने के लिए “मनी रूटिंग” का काम करता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों द्वारा करीब 30 से 40 लाख रुपये तक के संदिग्ध ट्रांजेक्शन किए गए हैं।

12 एटीएम, 20 पासबुक, 1.25 लाख नकद और तीन वाहन जब्त
नाल थानाधिकारी विकास विश्नोई के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 12 एटीएम कार्ड, 20 पासबुक/चेकबुक, करीब 1 लाख 25 हजार रुपये नकद तथा तीन वाहन बरामद किए हैं। ये वाहन ठगी की रकम के ट्रांसपोर्ट और लेनदेन के लिए उपयोग किए जाते थे।

पांच आरोपी गिरफ्तार,दो पेट्रोल पंप कर्मचारी भी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवी लाल, रमेश, सुरेंद्र कुमार, पिंटू और सचिन कुमार निवासी गज्जेवाला के रूप में हुई है। इनके अलावा दो पेट्रोल पंप सेल्समैन को भी गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने आरोपियों को फर्जी ट्रांजेक्शन करने में मदद की। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन और एडीएसपी सौरभ तिवाड़ी के सुपरविजन में नाल थाना टीम द्वारा की गई। थानाधिकारी विकास विश्नोई ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।