राणीसर में एएसआई जांदू की पुण्यतिथि पर दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता संपन्न

बीकानेर

राणीसर में एएसआई जांदू की पुण्यतिथि पर दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता संपन्न

बीकानेर, दैनिक खबरां । स्वर्गीय एएसआई सुरजाराम जांदू की द्वितीय पुण्यतिथि पर ग्राम राणीसर में दो दिवसीय “मां सती दादी स्मृति वॉलीबॉल प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. जांदू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर नापासर थानाधिकारी लक्ष्मण सुथार, उपसरपंच ताजाराम मूंड तथा पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि ख्यालीराम मूंड उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. राजेंद्र मूंड ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और युवाओं से खेल भावना के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल हमें अनुशासन, एकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भाव सिखाते हैं।

प्रतियोगिता में कुल 30 टीमों ने भाग लिया। बीकानेर सेवन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब जीता, जबकि केसरदेसर टीम उपविजेता रही। दोनों टीमों को मेडल, ट्रॉफी और नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह दुधिया रोशनी में हुआ, जहां पूरे मैदान में उत्साह और ऊर्जा का माहौल रहा। जनप्रतिनिधियों ने स्व. जांदू के परिजनों को स्मृति चिन्ह भेंट किए और उनके सेवा भाव को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासी राणीसर ने सभी आगंतुकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।