बीकानेर: दीपावली पर ट्रैफिक रहेगा कंट्रोल व्यापारियों और पुलिस के बीच हुई समन्वय बैठक..
बीकानेर@दैनिक खबरां। दीपावली पर्व के अवसर पर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से बुधवार को यातायात निरीक्षक नरेश निर्वाण एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष जुगल राठी के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक व्यापार उद्योग मंडल के परिसर में हुई, जिसमें मुख्य बाजारों के व्यापारिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि बाजार में दोपहिया वाहनों के प्रवेश के लिए प्रत्येक दुकानदार को ट्रैफिक विभाग की ओर से एक पास जारी किया जाएगा। यह पास केवल उन व्यापारियों को दिया जाएगा जो अपना नाम और वाहन नंबर 17 अक्टूबर तक अपने संबंधित एसोसिएशन अध्यक्ष या बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल को उपलब्ध कराएंगे। बिना वाहन नंबर के कोई पास वितरित नहीं किया जाएगा।
कोटगेट, केईएम रोड और अन्य प्रमुख बाजारों में दीपावली के दौरान आमजन को भीड़-भाड़ से राहत देने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। इसके अंतर्गत बाजारों में ठेले वालों एवं सड़क पर दुकान लगाने वालों को मुख्य मार्गों पर व्यवसाय नहीं करने दिया जाएगा। स्थानीय दुकानदारों को भी सड़क पर पाटा या तंबू लगाने की अनुमति नहीं होगी।
यातायात निरीक्षक नरेश निर्वाण ने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे बाजार को लाइट और फूलों से सजाकर सौंदर्य बढ़ाएं तथा किसी भी दुकान के आगे टेंट न लगाएं। व्यापार मंडल अध्यक्ष जुगल राठी ने सभी व्यापारियों से इस व्यवस्था में सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर सचिव संजय जैन सांड ने यातायात विभाग की तैयारियों के लिए निरीक्षक नरेश निर्वाण और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। बैठक में प्रेम खंडेलवाल, सुशील कुमार यादव, रविंद्र शर्मा (विलियम), जतिन यादव, नितिन चड्ढा, शांतिलाल कोचर, नरेंद्र गहलोत, मोहनलाल मानवानी, विजय रांका, अजर खान, पंकज गहलोत, मनीष कामरा, अभिषेक डागा, किशन यादव, दीपक सोनगरा, सुशील स्वामी, स्वेता प्रजापत, राजू मेहरा हिंदू सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे। सभी ने आश्वासन दिया कि निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन किया जाएगा।

