बीकानेर रेलवे स्टेशन को मिलेगा हेरिटेज लुक, 471 करोड़ की लागत से हो रहा तैयार,यात्रियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

बीकानेर

बीकानेर रेलवे स्टेशन का मेगा अपग्रेडेशन, 471 करोड़ में मिलेगा हेरिटेज लुक और आधुनिक सुविधाएं


दैनिक खबरां,बीकानेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर स्टेशन का मेजर अपग्रेडेशन कार्य तीव्र गति से चल रहा है। ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत 471 करोड़ रुपये की लागत से इस ऐतिहासिक स्टेशन को नया और भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। आधुनिकता के साथ स्थानीय कला और संस्कृति का समावेश कर स्टेशन को हेरिटेज लुक में विकसित किया जा रहा है, जिससे यह पर्यटन के लिहाज से एक आकर्षण का केंद्र बनेगा।

बीकानेर स्टेशन अपने आप में मिठाई, नमकीन, ऊँट, जूनागढ़, गजनेर किला, लालगढ़ पैलेस और देशनोक की करणी माता मंदिर जैसी पहचान रखता है। अब रेलवे द्वारा इस स्टेशन को अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह से नया रूप दिया जा रहा है।

🔹 स्टेशन पर होंगे ये प्रमुख कार्य —

मुख्य और द्वितीय प्रवेश द्वार पर 9 मंजिला आधुनिक बिल्डिंग का निर्माण।

मुख्य प्रवेश पर 26,000 वर्गमीटर

द्वितीय प्रवेश पर 17,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल


स्टेशन पर दो 6 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज — एक लालगढ़ की ओर और दूसरा देशनोक की ओर बनाया जाएगा।

पार्सल और सिटी क्रॉसिंग के लिए अलग से ओवरब्रिज का निर्माण।

स्टेशन पर 77,000 यात्रियों की एक साथ सुविधा की क्षमता विकसित की जा रही है।

यात्री सुविधा के लिए 24 एस्केलेटर और 57 लिफ्टें लगाई जाएंगी।

स्टेशन परिसर में 1200 KWP का सोलर प्लांट स्थापित किया जाएगा।

कचरा प्रसंस्करण, वर्षा जल संचयन और फायर फाइटिंग सिस्टम जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं भी होंगी।

स्टेशन की 4 से 9 मंजिल तक की जगह व्यावसायिक उपयोग के लिए उपलब्ध होगी, जिससे रेलवे का राजस्व बढ़ेगा।

36 मीटर चौड़ा (3528 वर्गमीटर) एयर कॉन्कोर्स बनाया जाएगा, जिसमें

720 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था

केफेटेरिया, एक्जीक्यूटिव लाउंज, फूड कोर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, वेटिंग हॉल व वाणिज्यिक दुकानें होंगी।


कुल स्टेशन क्षेत्रफल 1,26,156 वर्गमीटर तक विस्तारित किया जा रहा है।

स्टेशन पर Wi-Fi, CCTV, एक्सेस कंट्रोल, वीडियो वॉल जैसी हाईटेक सुविधाएं होंगी।


🔹 आधुनिक यात्री सुविधाएं —

दिव्यांगजन अनुकूल ढांचा, संकेतक, शौचालय, बैगेज स्कैनर, मेटल डिटेक्टर।

कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़ी LED स्क्रीन और GPS आधारित डिजिटल क्लॉक।

16,000 वर्गमीटर में सर्कुलेटिंग एरिया और 15,000 वर्गमीटर में पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी।


🔹 विकास के साथ बढ़ेंगे अवसर

स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ व्यापारियों को भी बड़ा लाभ होगा। स्थानीय कारीगरों और मजदूरों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। साथ ही पर्यटन, स्थानीय हस्तशिल्प और कला को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल द्वारा कुल 22 स्टेशनों के पुनर्विकास का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें बीकानेर स्टेशन का मेजर अपग्रेडेशन प्रमुख परियोजना के रूप में तेजी से पूरा किया जा रहा है।