दिनदहाड़े ड्रामा! रिश्तेदारों ने जबरन गाड़ी में डालकर की मारपीट, 50 हजार और चैन लूटी, पत्नी को भी ले गए!

पुलिस कार्रवाई बीकानेर बीकानेर पुलिस

दिनदहाड़े ड्रामा! रिश्तेदारों ने जबरन गाड़ी में डालकर की मारपीट, 50 हजार और चैन लूटी, पत्नी को भी ले गए!

दैनिक खबरां, बीकानेर।एक व्यक्ति के साथ जबरन गाड़ी में डालकर मारपीट करने, लूटपाट करने और उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना जसरासर थाना क्षेत्र की शनिवार की बताई जा रही है। इसको लेकर चार नामजद सहित दो अन्य आरोपियों के खिलाफ पीड़ित नें मामला दर्ज करवाया है।

जसरासर थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थी मालूराम पुत्र गोपालराम जाति जाट निवासी वार्ड नंबर 06, खरजाणी बास, जसरासर ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार सुबह करीब 10 बजे ठाकुरजी मंदिर की चौकी पर बैठा था, तभी उसका रिश्तेदार दीपाराम पुत्र तुलछाराम, सोहनलाल पुत्र तुलछाराम, समाराम पुत्र तुलछाराम, चतराराम पुत्र तुलछाराम, एक अज्ञात ड्राइवर और दीपाराम की पत्नी केम्पर गाड़ी RJ 50 GA 8743 में सवार होकर आए।

आरोप है कि इन लोगों ने मालूराम से कहा कि “घर चलते हैं”, लेकिन जब उसने पैदल आने की बात कही तो उक्त लोगों ने जबरदस्ती उसे गाड़ी में बैठा लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान ड्राइवर ने गाड़ी घुमा दी और आरोपियों ने कहा कि “इसे साधूना ले चलो।” मालूराम ने विरोध करते हुए गाड़ी पर लात मारी जिससे कांच टूट गया। शोरगुल सुनकर प्रार्थी के पिता गोपालराम, नंदराम और मोहल्ले के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। तब सोहनलाल ने उसके गले की सोने की चैन तोड़कर छीन ली और स्टेशन की ओर भाग गया, जबकि ड्राइवर ने उसकी जेब से ₹50,000 नकद निकाल लिए।

मालूराम का आरोप है कि गाड़ी से गिरने के बाद ड्राइवर ने उस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। उसी दौरान उसकी पत्नी घर से आकर गाड़ी में बैठ गई और अपने गहने व कुछ नगदी लेकर चली गई। प्रार्थी के अनुसार उसकी पत्नी लंबे समय से मानसिक रूप से बीमार है और पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी है। मालूराम का आरोप है कि ये लोग उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले गए हैं ताकि आर्थिक लाभ उठा सकें, और संभव है कि वे उसकी हत्या या आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रयास करें।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच में प्रारंभिक पूछताछ के दौरान मालूराम के गले में चैन टूटने जैसा कोई निशान नहीं मिला। तथापि, रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच सउनि भागीरथ राम को सौंपी गई है।