वाहन चोरी पर बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,शातिर मोटरसाइकिल चोर गिरफ्तार, 6 बाइकें बरामद,देखें लिस्ट..
दैनिक खबरां,बीकानेर। नयाशहर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए शातिर बाइक चोर मनोज कुम्हार पुत्र लक्ष्मणराम (उम्र 25 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 11, गांव देवलसर, थाना श्रीडूंगरगढ़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शहर के अलग-अलग इलाकों से चोरी की गई 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ा खुलासा हुआ है।
इस तरह हुआ घटना का खुलासा
मामला तब सामने आया जब नयाशहर थाना क्षेत्र के निवासी विक्रम सिंह पुत्र सरदार सिंह ने रिपोर्ट दी कि उनकी मोटरसाइकिल नंबर RJ-07-SP-4251 बीते 9 सितंबर को पायनियर अकैडमी, गंगाशहर रोड के बाहर से चोरी हो गई। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जिला पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सागर आईएएस के पर्यवेक्षण और सीओ सिटी श्रवणकुमार के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने घटना की गहन जांच शुरू की। थाना अधिकारी नयाशहर कविता पुनिया के नेतृत्व में बनी टीम ने तकनीकी साधनों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी मनोज कुम्हार को चिन्हित कर दबोच लिया।
आरोपी से पूछताछ और बरामदगी
गिरफ्तार आरोपी मनोज कुम्हार ने पुलिस पूछताछ में बीकानेर शहर में हुई कई बाइक चोरी की वारदातें कबूल कीं। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 6 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिन्हें वह अलग-अलग जगहों से चोरी कर छुपाकर रखे हुए था। वाहन चोरी की वारदातों पर रोक लगाने के लिए बीकानेर पुलिस लंबे समय से विशेष निगरानी अभियान चला रही है। इसी कड़ी में थाना स्तर पर गठित टीमों ने लगातार प्रयास किए और सफलता हाथ लगी। पुलिस ने आरोपी मनोज कुम्हार को रिमांड पर लिया है ताकि उससे और भी वारदातों का खुलासा हो सके। संभावना जताई जा रही है कि आरोपी ने जिले के अन्य इलाकों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों को आरोपी कहां और किसे बेचने की फिराक में था।


