पेपर लीक विवाद के बाद RPSC में ताजगी: राज्य सरकार ने नियुक्त किए तीन नए सदस्य
दैनिक खबरां,जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) में हाल के पेपर लीक विवाद के बाद आयोग की साख को पुनः मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने मंगलवार को तीन नए सदस्यों की नियुक्ति की है। कार्मिक विभाग ने इन नियुक्तियों के आदेश जारी कर दिए हैं। नए सदस्यों में पूर्व आईपीएस हेमंत प्रियदर्शी, डॉ. अशोक कुमार कलवार और सुशील कुमार बिस्सू शामिल हैं। डॉ. अशोक कुमार कलवार मेडिकल बैकग्राउंड से हैं और चूरू के सरदार शहर से ताल्लुक रखते हैं। वहीं, सुशील कुमार बिस्सू पहले रूटा के महामंत्री रहे हैं और उनकी पृष्ठभूमि आरएसएस से जुड़ी है।
पिछली सरकार के कार्यकाल में आरपीएससी पेपर लीक मामले में विवादों में घिर गई थी। इस मामले में आयोग के सदस्य बाबू लाल कटारा और पूर्व सदस्य रामू राम राइका को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा हाल ही में मंजू शर्मा ने सदस्य पद से इस्तीफा दिया था। वर्तमान में आरपीएससी के चेयरमैन उत्कल रंजन साहू के नेतृत्व में आयोग में कुल 5 सदस्य हैं। इनमें से एक बाबू लाल कटारा निलंबित हैं और 5 सदस्य पद खाली थे। अब राज्य सरकार ने तीन पदों पर नए सदस्य नियुक्त कर आयोग को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

