त्यौहार आते ही जागता है स्वास्थ्य विभाग! बीछवाल में 1950 किलो तेल सीज, सवालों के घेरे में व्यवस्था
@पत्रकार नारायण उपाध्याय की रिपोर्ट
बीकानेर,दैनिक खबरां । त्यौहारों की आहट होते ही जैसे स्वास्थ्य विभाग अचानक सक्रिय हो जाता है। बाकी पूरे साल मानो शहर में सब कुछ शुद्ध और उत्तम बिक रहा हो। बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में की गई छापेमारी में विभाग ने 1950 किलो तेल सीज किया। यह कार्रवाई पहली नजर में तो बड़ी लगती है, लेकिन सवाल यह है कि आखिर ये सख्ती सिर्फ त्यौहारों तक ही क्यों सीमित रहती है?
मिलावट और खराब माल तैयार करने का कारोबार कोई एक दिन का खेल नहीं है। यह सिलसिला महीनों से चलता है और आमजन अनजाने में इसे रोज़मर्रा की जिंदगी में इस्तेमाल भी कर लेते हैं। अगर यही कार्रवाई सालभर लगातार होती तो शायद मिलावटखोरों की हिम्मत ही टूट जाती और उपभोक्ताओं तक जहरीला व घटिया सामान पहुंच ही नहीं पाता। त्यौहारों पर छापेमारी कर सुर्खियां बटोरना आसान है। अखबारों में तस्वीरें छप जाती हैं, बयान जारी हो जाते हैं और जनता को यह भरोसा दिलाया जाता है कि विभाग सतर्क है। लेकिन हकीकत यह है कि त्योहार गुजरते ही फिर सब कुछ ढीला पड़ जाता है। यही वजह है कि मिलावटखोर हर साल नए-नए तरीकों से अपना गोरखधंधा जारी रखते हैं।
आमजन अब सवाल उठा रहे हैं कि आखिर उनकी सेहत पर ध्यान सिर्फ त्योहारों पर ही क्यों दिया जाता है? क्या बाकी महीनों में लोगों का स्वास्थ्य मायने नहीं रखता? विभाग अगर वाकई अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाए तो किसी दुकानदार या फैक्ट्री मालिक की जुर्रत ही न हो कि वह घटिया माल तैयार करे। लोगों का कहना है कि यह कार्रवाई दिखावा भर है। असली सुधार तभी आएगा जब हर महीने, हर हफ्ते और हर दिन नियमित जांच हो। वरना त्यौहार पर छापे और बाद में खामोशी – यही सिलसिला साल दर साल चलता रहेगा। त्यौहार के नाम पर सीज हुआ तेल भले ही गोदामों में बंद कर दिया जाए, लेकिन असली सवाल अब भी वहीं खड़ा है – क्या स्वास्थ्य विभाग की सजगता सिर्फ त्योहारों तक सीमित है या आमजन की सेहत पूरे साल मायने रखती है?
बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में 1950 किलोग्राम तेल सीज
रविवार को बीकानेर के बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में निरीक्षण एवं नमुनीकरण की कार्यवाही की गई। अभिहित अधिकारी एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बीकानेर डॉ. पुखराज साध के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, सुरेन्द्र कुमार एवं भानु प्रताप सिंह द्वारा बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में मैसर्स उद्योग मंदिर पर निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कारवाई की गई। इस फर्म के निरीक्षण में तेल उत्पादन क्षेत्र में दीवारों पर धूल एवं जाले लगे हुए थे। कुछ जगह पर तेल लीक हो रहा था। उपकरणों पर चिकनाई जमी हुई थी, पक्षियों को रोकने के लिए कर्टेन नहीं लगे हुए थे, जिन्हें तुरंत दुरुस्त करने एवं साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए गए। कारवाई के दौरान रिफाइंड कॉटनसीड ऑयल, फिल्टर्ड ग्राउंडनट ऑयल तथा रिफाइंड ग्राउंडनट ऑयल के 3 नमूने लिए गए। इस कार्यवाही में नमूने लेने के पश्चात कुल 1950 किलोग्राम तेल को जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक सीज किया गया। CMHO की और से बताया गया कि जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार अग्रिम कारवाई की जाएगी।


