बीकानेर में शिशु रोग विशेषज्ञ से 25 लाख की फिरौती,क्लीनिक में घुसकर बदमाशों ने दी धमकी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बीकानेर। शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। व्यापारी और चिकित्सक अब खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। नयाशहर थाना क्षेत्र में स्थित एक क्लीनिक में घुसकर बदमाशों ने शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम अग्रवाल से 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी और हर महीने एक लाख रुपये की बंधी देने की धमकी दी। ऐसा न करने पर डॉक्टर को जान से मारने की चेतावनी दी गई।
पीड़ित डॉ. अग्रवाल पिछले 15 वर्षों से जस्सूसर गेट के बाहर मालियों के मोहल्ले में क्लीनिक चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि 24 जुलाई की रात लगभग पौने दो बजे मोहल्ले में रहने वाले विष्णु साध, अभिषेक पंवार और उनके साथ दो-तीन अन्य युवक आए और जबरन फिरौती की मांग की। आरोपियों ने खुलेआम धमकाया कि अगर पैसे नहीं दिए तो अंजाम भुगतना होगा।
इतना ही नहीं, अगले दिन दोपहर को आरोपी दोबारा क्लीनिक पहुंचे और चेम्बर में घुसकर फिर से धमकाया। यह पूरी घटना क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। डॉक्टर के पास इस घटना की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है, जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है।
नयाशहर थाना पुलिस ने डॉ. अग्रवाल की शिकायत पर नामजद आरोपियों विष्णु साध, अभिषेक पंवार सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और ऑडियो क्लिप के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

