स्वर्ण व्यापारी से 50 लाख की फिरौती मांगी, पत्नी को पिस्तौल दिखाकर दी धमकी,पुलिस ने कुछ बदमाशों को किया राउंडअप, वाहन जब्त
बीकानेर। जिले के नोखा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बदमाशों ने दिनदहाड़े एक स्वर्ण व्यापारी के घर में घुसकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। रोड़ा रोड निवासी स्वर्ण व्यवसायी शंकर सोनी की ओर से दर्ज करवाई गई रिपोर्ट के अनुसार, पांच लग्जरी गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने उनके घर में घुसते ही पत्नी को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और फिरौती की मांग की।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि बदमाश किस तरह फिल्मी अंदाज में घर में प्रवेश करते हैं। बदमाशों का रवैया बेहद आक्रामक था, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। सूचना मिलते ही नोखा पुलिस हरकत में आई और देर रात तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को राउंडअप किया है और वारदात में प्रयुक्त गाड़ियों को जब्त कर थाने लाया गया है।
व्यापारी शंकर सोनी ने संदीप पारीक, मदन विश्नोई, सुरेश, पवन और सुभाष के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ हिमांशु शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाड़ियों के नंबर भी ट्रेस कर लिए हैं। इस घटना से नोखा क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।

