बीकानेर जिले में जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत की मांग
बीकानेर। झालावाड़ जिले के मनोहर थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी विद्यालय में स्कूल भवन की छत गिरने से हुई दर्दनाक घटना ने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। इस हादसे में 7 मासूम बच्चों की मौत तथा कई अन्य घायल हो गए। इस हृदय विदारक हादसे पर बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव राहुल जादुसंगत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे प्रदेश के शिक्षा ढांचे की गंभीर खामी बताया और कहा कि बच्चों की अकाल मृत्यु ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। राहुल जादुसंगत ने प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग से बीकानेर जिले के जर्जर स्कूल भवनों का तत्काल सर्वे कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शहर, ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में कई सरकारी विद्यालयों की इमारतें अत्यंत जर्जर एवं खस्ताहाल स्थिति में हैं, जो बच्चों की जान के लिए खतरा बन सकती हैं।”क्या हमारे सरकारी स्कूलों की सुरक्षा और संरचना पर पर्याप्त ध्यान दिया जा रहा है?”राहुल जादुसंगत ने मांग की कि सभी जर्जर स्कूल भवनों की तुरंत पहचान कर मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए।उन्होंने जिला प्रशासन और शिक्षा निदेशालय से आग्रह किया कि इस ओर संवेदनशीलता से कदम उठाएं ताकि भविष्य में ऐसी कोई पीड़ादायक घटना न हो।

