दैनिक खबरा,नोखा। नोखा में एक शादी समारोह में जा रहे व्यक्ति से 6 बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। मामले को लेकर पीड़ित कानीराम जाट ने नोखा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना 5 फरवरी की है, जब कानीराम साई बाबा मंदिर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार 6 बदमाश, जिनमें मनीष दिलोहिया और संदीप बिश्नोई समेत 4 अन्य लोग शामिल थे, ने उनकी गाड़ी को आगे-पीछे से घेरकर रोक लिया।
बदमाशों ने पहले नशे के लिए पैसे मांगे। जब कानीराम ने देने से मना किया, तो लाठी और सरियों से उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कानीराम की जेब से 3,000 रुपए छीन लिए और उनके गले से सोने का फूलडा भी तोड़ लिया। कानीराम के साथ मौजूद उनके भाई राकेश को भी बदमाशों ने मारने की कोशिश की।
फरार होते समय बदमाशों ने धमकी दी कि अगर आगे से पैसे नहीं दिए तो जान से मार देंगे। हमले में कानीराम के सिर में चोट आई, जिसका इलाज बागड़ी अस्पताल में कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने बताया कि वह हमलावरों को देखकर पहचान सकता है।

