किसान से धोखाधड़ी,खातेदारों ने 3.46 लाख की फसल हड़पी

नोखा

दैनिक खबरा,नोखा। राजस्थान के नोखा में एक किसान के साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। रासीसर के बड़ाबास निवासी शंकरलाल गुर्जर ने तीन खातेदारों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। शंकरलाल ने बताया- छह महीने पहले उन्होंने अगुणा बास रासीसर के रामेश्वरलाल, ईमीलाल और श्रीराम बिश्नोई की कृषि भूमि मौखिक समझौते पर ली थी। समझौते के अनुसार, फसल में उनका 30 प्रतिशत और खातेदारों का 70 प्रतिशत हिस्सा तय हुआ था, जबकि खर्च खातेदारों को वहन करना था। 14 दिसंबर 2024 को दोपहर के समय तीनों खातेदार मजदूरों के साथ खेत पर आए और पिकअप में मूंगफली की फसल लादने लगे। शंकरलाल के विरोध करने पर न केवल उनकी बात नहीं मानी, बल्कि उनके परिवार की महिलाओं के साथ बदसलूकी भी की। जब शंकरलाल ने अपने हिस्से की मांग की, तो खातेदारों ने साफ मना कर दिया और कहा कि उन्होंने जानबूझकर धोखाधड़ी की है। अगले दिन जब शंकरलाल खेत पर गए, तो उन्हें वहां प्रवेश नहीं करने दिया गया। खेत में उनका घरेलू सामान, जिसमें लोहे का पिंजरा, दो चारपाई, बर्तन, रजाई और दो गायों के बांधने का सामान था, वह भी नहीं लौटाया गया। कुल 210 क्विंटल मूंगफली में से शंकरलाल का हिस्सा 63 क्विंटल था, जिसकी कीमत लगभग 3.46 लाख रुपये है। खातेदारों ने पहले 65,000 रुपये दिए थे, जो मजदूरी और ट्रैक्टर के खर्च में लग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।